दर्जनों राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर फिर होगी बर्फबारी; IMD ने बताई तारीख
- उत्तराखंड की बात करें तो यहां सात साल बाद फरवरी आखिर में मौसम फिर बदलने जा रहा है। राज्य में 25 फरवरी से जहां 3200 मीटर तक ऊंचाई पर बर्फबारी के आसार बन रहे हैं।

Weather Updates: उत्तर भारत में आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव होने की संभावना है। आईएमडी ने 24 फरवरी रात को पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई राज्यों में बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई है। वहीं पूर्वोत्तर भारत में 23 फरवरी को आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। पिछले 24 घंटों के दौरान, उर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों के कई हिसों में दिन के तापमान में 1-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों के कई हिसों में तापमान 3-5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है। बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से 1-3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
उत्तराखंड की बात करें तो यहां सात साल बाद फरवरी आखिर में मौसम फिर बदलने जा रहा है। राज्य में 25 फरवरी से जहां 3200 मीटर तक ऊंचाई पर बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। 27 और 28 फरवरी को 2800 मीटर तक के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने फरवरी के आखिरी दो दिन राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक, उत्तराखंड में मजबूत पश्चिमी विक्षोभ की वजह से एक बार फिर ठंड लौटने जा रही है। फरवरी के आखिरी दिनों में ऐसा मौसम सात साल पहले 2019 में रहा था। तब देहरादून का न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इस बार भी 27 और 28 फरवरी को फिर सर्द दिन रहने वाले हैं। क्योंकि राज्य के 2800 मीटर तक की ऊंचाई वाले अधिकांश हिस्सों में दो दिन बर्फबारी होने की संभावना है।
इससे पहले 25 फरवरी को उत्तरकाशी चमोली और रुद्रप्रयाग जिले में कुछ स्थानों पर बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। जबकि 26 को पौड़ी, उधमसिंहनगर और हरिद्वार को छोड़कर अधिकांश स्थानों पर बारिश होगी। जबकि ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी का दौर जारी रहेगा।
इसके बाद 27 और 28 फरवरी को पूरे राज्य में बारिश और बर्फबारी के साथ ठंड बढ़ेगी। शनिवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 11.6 डिग्री सेल्सियस, पंतनगर में अधिकतम 25.8 और न्यूनतम 7.4 डिग्री, मुक्तेश्वर में 15.4 और न्यूनतम 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। टिहरी में अधिकतम 15 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।