लालपुर में कर्ज में डूबे राजमिस्त्री ने घर में फांसी लगाकर जान दी
किच्छा में कर्ज में डूबे राजमिस्त्री सतीश शर्मा का शव उसके घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। उसकी पत्नी और बच्चे शादी में गए थे। सतीश ने अपनी बहन को फोन पर बताया था कि वह कर्ज की वजह से आत्महत्या कर...

किच्छा, संवाददाता कर्जे में डूबे राजमिस्त्री का शव उसके घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
35 वर्षीय सतीश शर्मा पुत्र प्रेम स्वरूप निवासी लालपुर राजमिस्त्री का काम करता था। अपनी पत्नी व तीन बच्चों के साथ लालपुर में रहता था। पिछले कुछ समय से वह कर्जे में डूबा हुआ चल रहा था। जिसके कारण वह परेशान रहता था। बीते शनिवार को उसके साले की रुद्रपुर में शादी थी। उसकी पत्नी और बच्चे शादी में गये हुए थे। लालपुर पुलिस चौकी इंचार्ज सुरेन्द्र सिंह रिंगवाल ने बताया कि शनिवार सांय सतीश ने अपनी बड़ी बहन को फोन कर बताया कि उसके साले की रुद्रपुर में शादी है। वह कर्जे में होने के कारण साले की मदद नहीं कर पा रहा है। इसलिए वह आत्महत्या कर रहा है। बहन ने घबरा कर अपनी मां शांतिदेवी को फोन कर सारी जानकारी दी। शांति देवी लालपुर के निकट एक कंपनी में काम करती है। वह घबराई हुई सतीश के घर पहुंची। उन्होंने सतीश को घर के कमरे में साड़ी के फंदे से पंखे पर लटका देखा। चीख पुकार मचने पर वहां पड़ोसी इकठ्ठा हो गये। सूचना मिलते ही पुलभट्टा पुलिस मौके पर पहुंच गयी। 108 एंबूलेंस के माध्यम से सतीश को रुद्रपुर जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लालपुर पुलिस चौकी इंचार्ज सुरेन्द्र सिंह रिंगवाल ने बताया कि शुरूआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।