पिथौरागढ़ प्राथमिक शिक्षक संघ के फिर से जितेंद्र अध्यक्ष व जेपी महामंत्री बने
प्राथमिक शिक्षक संघ के त्रिवार्षिक अधिवेशन में नई कार्यकारिणी का गठन हुआ। जितेंद्र वल्दिया को अध्यक्ष, जेपी वर्मा को महामंत्री और त्रिलोचन जोशी को कोषाध्यक्ष चुना गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने...

प्राथमिक शिक्षक संघ के त्रिवार्षिक अधिवेशन में नई कार्यकारिणी का गठन हुआ। पुराने पदाधिकारियों को निर्विरोध चुनकर नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। प्राथमिक शिक्षक संघ के निर्विरोध जितेंद्र वल्दिया को अध्यक्ष,जेपी वर्मा को महामंत्री व त्रिलोचन जोशी को कोषाध्यक्ष चुना गया है। संयुक्त मंत्री,उपाध्यक्ष,वरिष्ठ उपाध्यक्ष समेत अन्य 19 पदों पर एकल नामांकन हुए। एकल नामांकन होने से अन्य पदों पर भी शिक्षकों का निर्विरोध चुनाव हुआ। नवनियुक्त 21 पदाधिकारियों ने शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहने की बात कही। सोमवार को सदर रामलीला मैदान में प्राथमिक शिक्षक संघ का त्रिवार्षिक अधिवेशन हुआ। मुख्य अतिथि जिला पंचायत प्रशासक दीपिका बोहरा ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अधिवेशन के बाद शिक्षक संघ की जिला कार्यकारणी के लिए चुनाव हुए। नैनीताल से पहुंचे पर्यवेक्षक मनोज तिवारी व पौढी से दीपक सजवाण व मनोज जुगरान, निर्वाचन अधिकारी कमलेश उप्रेती ने चुनाव संपन्न कराए। जिसमें पुरानी कार्यकारिणी को निर्विरोध चुना गया। जितेंद्र को चौथी बार जिलाध्यक्ष,जेपी वर्मा को तीसरी बार महामंत्री व त्रिलोचन जोशी को दूसरी बार कोषाध्यक्ष चुना गया। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष वल्दिया ने कहा कि ब्रिज कोर्स में छूट न मिलने से प्रदेशभर में प्राथमिक शिक्षकों ने आंदोलन किया और हमें जीत मिली। अब अगली लडाई पुरानी पेंशन बहाली को लेकर लडी जाएगी। पुरानी पेंशन को लेकर कर्मचारियों को अलग-अलग तरीके से गुमराह किया जा रहा है,अब कर्मचारी इसके लिए संघर्ष करेंगे, नई पेंशन योजना किसी को स्वीकार्य नहीं है। महामंत्री जेपी वर्मा ने कहा कि ब्लाक कार्यकारिणी को साथ लेकर शिक्षक हित में संघर्ष किया जाएगा। कोषाध्यक्ष त्रिलोचन जोशी ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों की संख्या बढ़ाने व शिक्षकों की समस्याओं के समाधान को लेकर कार्य किया जाएगा। शपथ ग्रहण कार्यक्रम के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।