संविधान बचाओ रैली को सफल बनाने में जुटे कांग्रेस नेता
जगह जगह बैठकों का दौर शुरू, 30 अप्रैल को होनी है रैली देहरादून की धरती

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस की 30 अप्रैल को प्रस्तावित संविधान बचाओ रैली को लेकर वरिष्ठ नेताओं ने मोर्चा संभाल लिया है। रविवार को प्रदेश के तमाम नेताओं ने प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर जन संवाद कर लोगों को रैली में आने के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक संघर्ष नहीं, बल्कि हमारे भविष्य और आने वाली पीढ़ियों के अधिकारों की लड़ाई है। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व सासंद प्रदीप टम्टा, पूर्व विस अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल सहित तमाम नेताओं और विधायकों ने गैरसैंण में मोर्चा संभाला। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष माहरा ने कहा कि आज हमारा संविधान, जो देशवासियों को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है, गहरे संकट में है। लोकतांत्रिक संस्थाओं पर निरंतर हमले हो रहे हैं और जनता की आवाज़ को दबाने के प्रयास किए जा रहे हैं। यह केवल एक राजनीतिक संघर्ष नहीं, बल्कि हमारे भविष्य और आने वाली पीढ़ियों के अधिकारों की लड़ाई है। पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि हम सबका नैतिक कर्तव्य है कि हम अपने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संगठित हों। उन्होंने रैली को सफल बनाने का आह्वान किया।
उधर, पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने विकासनगर में मोर्चा संभाला। एक सभा में उन्होंने कहा कि लोगों को अब समझ जाना चाहिए कि भाजपा का चाल, चरित्र और कार्यशैली में कितना अंतर है। इधर, देहरादून में वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महामंत्री नवीन जोशी ने शहर के कई वार्डों में जाकर रैली को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क किया। धस्माना ने कहा कि आज जब संविधान को कमजोर करने की कोशिशें हो रही हैं, तब चुप रहना भी अन्याय में सहभागी होने के समान है। इधर, नवीन जोशी ने कहा कि 30 अप्रैल को देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित ‘संविधान बचाओ जनसभा इसी संकल्प का प्रतीक होगी। हम सब मिलकर एक स्वर में सत्ता को यह संदेश देंगे कि भारत का लोकतंत्र अडिग है और रहेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।