UP Khair By Poll Dates: खैर विधानसभा सीट के उपचुनाव की तारीख का ऐलान, 13 नवंबर को मतदान, 23 को नतीजे
- UP Khair By Poll Dates: यूपी के उपचुनावों की तारीखों का ऐलान हो चुका है। 13 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। वहीं वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी। इनमें से एक अलीगढ़ की खैर सीट भी है।

UP Khair By Poll Dates: यूपी के उपचुनावों की तारीखों का ऐलान हो चुका है। 13 नवंबरको वोट डाले जाएंगे। वहीं 23 नवंबर को परिणाम आएंगे। नामांकन की प्रक्रिया 18 अक्टूबर से शुरू होगी। वहीं दाखिल करने की अंतिम तारीख 25 अक्टूबर है। यूपी के 9 सीटों पर चुनाव होंगे। इनमें से एक अलीगढ़ की खैर सीट भी है। अनूप सिंह के सांसद बनने के बाद यह सीट खाली हो गई थी। जाटलैंड कही जाने वाली खैर विधानसभा सीट के लिए प्रत्याशियों की घोषणा को लेकर हर पार्टी कशमकश में जुटी है।
खैर सीट पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने लिए प्रयासरत है तो वहीं लोकसभा चुनावों के परिणाम के बाद सपा भी जोश में है। आजादी के बाद साल 1957 में अस्तित्व में आई टप्पल और अब खैर सीट जाट बाहुल्य होने के कारण चौधरियों का कब्जा रहा है। इसी कारण इसे जाटलैंड भी कहा जाता है। सबसे पहले बसपा के सोषल इंजीनियरिंग फॉर्मूले ने यहां ब्रेक लगाया और 2002 में बसपा के टिकट पर ब्राह्मण नेता प्रमौद गौड़ चुनाव जीते। हालांकि 2007 में रालोद के चौ. सत्यपाल सिंह के सामने बसपा प्रत्याशी प्रमोद गौड़ चुनाव हार गए थे। इसके बाद अनुसूचित जाति के लिए सीट आरक्षित हो गई।
राजवीर दिलेर के बेटे, पूर्व विधायक, प्रोफेसर का नाम चर्चा में
भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर खैर सीट के लिए प्रत्याशी का नाम तय हो चुका है। प्रत्याशी कौन होगा, यह तो अधिकृत घोषणा होने के बाद ही पता चलेगा लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व सांसद राजवीर दिलेर के बेटे सुरेन्द्र दिलेर के नाम की है। सूत्रों के अनुसार उनके पिता के निधन के समय मुख्यमंत्री के स्तर से सहानुभूति प्रकट करते हुए उपचुनाव को लेकर आश्वासन मिला था। ऐसे में उनका नाम प्रत्याशी की फेहरिस्त में सबसे मजबूत है। दूसरा नाम भोला दिवाकर का है। जो कि महानगर महामंत्री के अलावा सांसद खेमे के नजदीक है। तीसरा नाम दिल्ली की एक यूनिवर्सिटी के एक प्रोफेसर व संघ विचारधारा से जुड़े प्रो. देवराज सिंह का है। इन नामों के अलावा पूर्व विधायक रामसखी कठेरिया व मुकेश सूर्यवंशी का भी नाम चर्चाओं में है।