Hindi NewsUttar-pradesh NewsSiddhart-nagar NewsSevere Heat Wave Hits Itwa Temperatures Soar to 43 C Amidst Concerns for Upcoming Months

तराई में 43 डिग्री सेल्सियस पहुंचा पारा, धूप की तल्खी कर रही बेहाल

Siddhart-nagar News - इटवा में गर्मी बढ़ने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। सुबह 9 बजे के बाद घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। शनिवार को पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सहालग के सीजन में भीषण गर्मी से लोग...

Newswrap हिन्दुस्तान, सिद्धार्थSat, 26 April 2025 04:47 PM
share Share
Follow Us on
तराई में 43 डिग्री सेल्सियस पहुंचा पारा, धूप की तल्खी कर रही बेहाल

इटवा, हिन्दुस्तान संवाद। तराई के आंगन में गर्मी बढ़ने के साथ ही लोगों की दुश्वारियां भी बढ़ गई हैं। धूप की तल्खी के वजह से सुबह नौ बजे के बाद घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जा रहा है। गुजरते वक्त के साथ हालत और बिगड़ते जा रहे हैं। दिन चढ़ने के साथ सड़कों व बाजारों में भी सन्नाटा पसर जा रहा है। सहालग के सीजन में पड़ रही इतनी गर्मी से हर कोई बिलबिला रहा है। शनिवार को पारा चढ़ कर 43 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। अप्रैल महीने के शुरुआती दौर से ही तराई में सूर्य देव के तेवर चढ़े हुए हैं। वर्तमान में गर्मी इतनी बढ़ गई है कि लोगों को दिनभर परेशान रहना पड़ता है। शनिवार सुबह छह बजे से तेज धूप निकल आई। 10 बजते ही सूर्यदेव ने लोगों को झुलसाना शुरू कर दिया। 12 बजते-बजते लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया। जरूरी काम से ही लोग मजबूरन घर से बाहर निकले तो मुंह में गमछा आदि बांध कर ही निकले। दोपहर में भीषण गर्मी व तेज धूप के चलते बाजार में सन्नाटा पसर गया। सड़कों पर लोगों की आवाजाही बेहद कम हो गई। धूलभरी पछुआ हवा से भी लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। अमूमन प्रतिदिन का यही हाल है। इस समय सहालग का सीजन चल रहा है लेकिन भीषण गर्मी लोगों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अप्रैल महीने में ही गर्मी का यह आलम है तो मई व जून का क्या हाल होगा। सोचकर ही लोग सिहर जा रहे हैं।

आज से मौसम में बदलाव के आसार

राज्य कृषि मौसम केन्द्र प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि रविवार से मौसम में बदलाव आने के आसार हैं। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने के पूर्वानुमान हैं। इस दौरान ओलावृष्टि भी हो सकती है। मौसम में बदलाव का असर 29 अप्रैल तक बना रहेगा। इस दौरान 40 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। इसके बाद मौसम साफ होगा और गर्मी में फिर से इजाफा होगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें