बुद्धम् शरणम् गच्छामि से गूंजी श्रवस्ती बौद्धस्थली
Shravasti News - कटरा के बौद्ध स्थली श्रावस्ती में 290 सदस्यीय भूटानी बौद्ध उपासकों का दल शनिवार को पहुंचा। यहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर विश्व शांति की कामना की। जेतवन और अन्य मंदिरों में बौद्ध मंत्रों का जाप करते हुए...

कटरा, संवाददाता। बौद्ध स्थली श्रावस्ती के सहेट, महेट, शोभनाथ और महामंगोल मंदिर बौद्ध उपासकों के आस्था का केन्द्र है। यहां स्थित सदियों पुराने कई मंदिर और स्तूप आज भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वर्तमान समय में देश-विदेश से काफी संख्या में पर्यटक व उपासक यहां बने मंदिरों और स्तूपों का दर्शन करने आते हैं। भूटान से 290 सदस्यीय बौद्ध उपासकों का दल शनिवार को श्रावस्ती के बौद्धस्थली पहुंचा। यहां पूजा-अर्चना कर विश्व शांति की कामना की गई। इस दौरान जेतवन का पूरा परिसर बुद्धम् शरणम् गच्छामि, धम्मम् शरणम् गच्छामि, संघम् शरणम् गच्छामि जैसे बौद्ध मंत्रों से गुंजायमान रहा। भगवान बुद्ध की स्थली श्रावस्ती की माटी को नमन कर अपने रीति रिवाज और विधि विधान से पूजा किया। बौद्ध धर्म उपासकों ने जेतवन में गंधकुटी व आनंद बोधि वृक्ष परिसर में भी विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर विश्व शांति की कामना की। पूजन के बाद उन्होंने कौशांबी कुटी, सूर्य कुंड, शिवली स्तूप और अंगुलिमाल गुफा आदि का भ्रमण कर यहां के ऐतिहासिक तथ्यों की जानकारी ली। आए हुए बौद्ध धर्म के अनुयायियों ने कहा कि श्रावस्ती शांति पूर्ण पवित्र तीर्थस्थल है। यहां का कण-कण भगवान बुद्ध के उपदेशों से सुवासित है। यहां पहुंच कर अपूर्व शांति का एहसास हो रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।