चेयरमैन ने कर्मचारियों से मानी गलती, हड़ताल खत्म
Shamli News - कैराना नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई। चेयरमैन शमशाद अहमद अंसारी ने कर्मचारियों से अपमानित करने की गलती मानी, जिसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म की। दो दिन पहले कर्मचारियों ने...

नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बाद चेयरमैन बैकफुट पर आ गए। उन्होंने कर्मचारियों से अपमानित करने के मामले में गलती मानी। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म कर दी। कैराना नगरपालिका के कर्मचारियों ने दो दिन पूर्व हंगामा किया था। उन्होंने चेयरमैन शमशाद अहमद अंसारी के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी थी। आरोप था कि चेयरमैन ने जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। इसके बाद शनिवार को कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी थी, जिस कारण नगर में सफाई व्यवस्था चौपट हो गई थी। कर्मचारियों ने चेयरमैन मुर्दाबाद के नारे भी लगाए थे तथा कोतवाली में अधिकारियों से वार्ता की थी। उनका कहना था कि चेयरमैन माफी मांगेंगे, तब हड़ताल खत्म होगी। इसके बाद देर शाम के समय नगरपालिका कार्यालय पर कर्मचारी एकत्र हुए। जहां एसडीएम स्वप्निल कुमार यादव व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह रावत भी पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में चेयरमैन से कर्मचारियों की वार्ता हुई। कर्मचारियों ने चेयरमैन ने पुन: गंभीर आरोप लगाए। हालांकि, तमाम गिले-शिकवे भी दूर हो गए। उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ के शाखा अध्यक्ष दीपक कुमार पाहिवाल ने बताया कि चेयरमैन शमशाद अहमद अंसारी ने अपनी गलती मानी है, जिसके चलते मामले को रफा-दफा कर दिया गया। उधर, कर्मचारियों ने हड़ताल भी खत्म कर दी है। रविवार को कर्मचारियों द्वारा सफाई कार्य भी किया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।