बदलसूकी के विरोध में पालिकाकर्मियों का कार्य बहिष्कार
Shamli News - कैराना में एक युवक द्वारा फर्जी दस्तावेजों पर जन्म प्रमाण पत्र बनाने से इनकार करने पर कार्यवाहक लिपिक के साथ अभद्रता की गई। इसके विरोध में नगरपालिका कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार किया और तहसील में...

कैराना। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जन्म प्रमाण पत्र बनाने से इनकार करने पर कार्यवाहक लिपिक के साथ अभद्रता करने के विरोध में पालिका कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने कार्य बहिष्कार करते हुए तहसील में जाकर प्रदर्शन किया। मामले में एसडीएम व सीओ को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। शनिवार को नगरपालिका में कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। इस दौरान उनके द्वारा अपने कार्यालयों को भी बंद कर दिया गया। बताया गया कि नगरपालिका में कार्यवाहक लिपिक जहांगीर सिद्दीकी के पास एक दिन पूर्व शाम के समय मोहल्ला दरबारखुर्द निवासी युवक अपने दो साथियों के साथ जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आया था। वह फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जन्म प्रमाण पत्र बनवाना चाहता था, लेकिन उसे इनकार कर दिया गया। आरोप है कि इसी से क्षुब्ध होकर युवक द्वारा गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपी फर्जी दस्तावेज छीनकर फरार हो गया। जबकि एक दस्तावेज उनके पास रह गया। बाद में कर्मचारी एकत्र होकर तहसील मुख्यालय पर पहुंचे। जहां उन्होंने प्रदर्शन करते हुए घटना पर आक्रोश व्यक्त किया। जहांगीर ने कर्मचारियों के साथ एसडीएम व सीओ को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मामले में अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है और कोतवाली प्रभारी को जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। उधर, अधिकारियों के आश्वासन के बाद नगरपालिका में कर्मचारी अपने कार्य पर लौट गए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।