Hindi NewsUttar-pradesh NewsSantkabir-nagar NewsWater Crisis in Khalilabad New Tubewells Installed but Supply Remains Disrupted

घर घर पहुंची पाइपलाइन, पर पानी का पता नहीं

Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर के खलीलाबाद में पेयजल संकट गहरा गया है। शहर में नई ट्यूबवेल स्थापित की जा रही हैं, लेकिन विद्युत कनेक्शन न होने के कारण जलापूर्ति बाधित है। लोगों के घरों में पानी नहीं पहुँच रहा है, जबकि...

Newswrap हिन्दुस्तान, संतकबीरनगरThu, 13 Feb 2025 01:24 PM
share Share
Follow Us on
घर घर पहुंची पाइपलाइन, पर पानी का पता नहीं

संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद में पेयजल योजना के लिए समूचे शहर में नाली खोद कर पाइप डाली जा रही है। शहर के अधिकतर मोहल्ले में पाइप डाल दी गई है। लोगों के घरों में टोटियों को भी लगा दिया गया है, लेकिन अभी तक ट्यूबवेल स्टार्ट नहीं हो सका है। इसकी वजह से लोगों के घरों तक पानी नहीं आ रहा है।

खलीलाबाद नगरपालिका के विस्तारीकरण के बाद नगर का पेयजल संकट पूरी तरह से गहरा गया है। अभी तक खलीलाबाद शहर में एक ही वाटर हेड टैंक था, जिससे शहर में जलापूर्ति की जा रही है। नगर के विस्तरीकरण के बाद पानी आपूर्ति व्यवस्था और भी चरमरा गई है। अब शहर में जलापूर्ति के लिए सात स्थानों पर ट्यूबवेल स्थापित किया जा रहा है। ताकि शहर में पानी की आपूर्ति हो सके। कहीं पर ट्यूबवेल की बोरिंग नहीं हो पा रही है और जहां पर ट्यूबवेल लग चुका हैं वहां पर विद्युत कनेक्शन नहीं है। इसकी वजह से शहर में पानी का संकट बरकरार है।

शहर के विस्तारीकरण के पहले ग्रामीण क्षेत्र सरैया और सादिकगंज में पहले ही ट्यूबवेल स्थापित हो चुका है। विद्युत कनेक्शन न होने की वजह से सादिकगंज में पानी नहीं आ रहा है। सादिकगंज अब विधियानी मोहल्ले में आता है। विधियानी के सभासद बब्बन पांडेय ने इस बारे में नगरपालिका में कई बार लिखित प्रार्थना पत्र दिया है। उनका कहना है विद्युत कनेक्शन हो जाता तो उनके वार्ड के सादिकगंज सहित बनियाबारी में पानी की समस्या समाप्त हो जाती। यही हाल सरैया का रहा।

इस गांव में पानी की आपूर्ति के लिए पाइप लाइन लगा दी गई है। ट्यूबवेल का ट्रायल हो गया है, लेकिन जलापूर्ति नहीं हो सकी है। इसी प्रकार शहर में ट्यूबवेल स्थापित करने के लिए जल निगम को जिम्मेदारी सौंपी गई है। शहर के तितौवा में बोरिंग का बोर हो गया है। पाइप डाली जा रही है। अभी तक सभी लोगों के घरों में पानी का कनेक्शन नहीं हुआ है। इसकी वजह से पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। शहर के बंजरिया मोहल्ले की सारी गलियां खोद डाली गई हैं। अब इन गलियों में चलना भी दूभर हो गया है। फिर भी लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच सका है।

ईओ नगरपालिका अवधेश कुमार भारती ने कहा कि शहर में सात स्थानों पर ट्यूबवेल स्थापित किए जा रहे हैं। ट्यूबवेल स्थापित होने के बाद सभी मोहल्लों में पानी की आपूर्ति एक साथ की जाएगी। जल्द ही जलापूर्ति होने के लिए जल निगम को पत्र लिखा गया है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें