टूटी सड़क, पसरी गन्दगी लटकते तार बखिरा के माली टोला के विकास की खोल रहे पोल
Santkabir-nagar News - हिन्दुस्तान टीम, संतकबीरनगर। नगर पंचायत बखिरा के वार्ड नम्बर दो माली टोला की पहचान

हिन्दुस्तान टीम, संतकबीरनगर। नगर पंचायत बखिरा के वार्ड नम्बर दो माली टोला की पहचान टूटी सड़कें , चारो तरफ फैली गन्दगी, जाम नालियां बन गई हैं। वार्ड में जगह-जगह गन्दगी फैली है। नालियां जाम हैं। जल निकासी की कोई व्यवस्था नही है। गन्दा पानी निजी जमीन में बह रहा है। शुद्ध पेयजल की समस्या है। हैण्डपम्प दूषित पानी दे रहे हैं। गन्दगी व जलजमाव से मच्छरों का प्रकोप काफी बढ़ गया है। बिजली के केबल खतरे को दावत दे रहे हैं। अधिकांश सड़के बदहाल हैं।
बखिरा नगर पंचायत के माली टोला के ग्रामीण बदहाल जीवन जी रहे हैं। जिम्मेदार वार्ड के विकास को लेकर लापरवाह बने हैं। धार्मिक स्थल भी उपेक्षा के शिकार हैं। पूजा पाठ के लिए जाने वालों को हैण्डपम्प का शुद्ध पानी तक मुहैय्या नही है। बरसात में लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। मोहल्ले की साफ- सफाई बेहतर तरीके से नहीं की जा रही हैं। गलियों में गंदगी पसरी हुई है। इसकी वजह से लोगों को दुर्गंध का सामना हर समय करना पड़ रहा है। वार्ड में सड़कें खस्ताहाल हो चुकी हैं। मोहल्ले से जल निकासी की समस्या अर्से से चली आ रही है। इसे लेकर जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते अभी तक धरातल पर कोई ठोस कार्य होता नही दिख रहा है। बरसात का पानी मोहल्ले से बाहर बड़ी मुश्किल से जा पाता है। पहले की बनी अधिकांश नालिया टूटी है, कूड़ा करकट नाली में पड़ा रहता है। इस वार्ड में शुद्ध पेयजल ग्रामीणों को मयस्सर नही है। इंडिया मार्का हैंडपम्प दूषित पानी दे रहे हैं। जिसे पीने को ग्रामीण मजबूर हैं। नगर पंचायत के तरफ से वाटर सप्लाई की कोई व्यवस्था नही की गई है। पुरानी नालियों की नियमित सफाई न होने की वजह से गंदगी से पटा रहता है। वार्ड में गंदगी व जलभराव होने की वजह से इस मोहल्ले के नागरिक पल-पल दुश्वारियां को झेलते हैं। टूटी- फूटी सड़कों पर आने -जाने से ग्रामीण चुटहिल हो जाते हैं। नगर पंचायत बनने के बाद भी यहां के लोग वार्ड की दुर्दशा को लेकर काफी परेशान हैं। बरसात के बाद घंटों तक पानी नहीं निकल पाता है। इससे आने-जाने वाले राहगीरों को परेशानी का सामना भी करना पड़ता है। पानी निकासी की कोई व्यवस्था नही है। माली टोले में सड़क व नाली की समस्या लम्बे समय से चली आ रही है। जिसका निराकरण होता नही दिख रहा है।
जल निकासी बनी बड़ी समस्या
माली टोले में आधा -अधूरा पुराना नाला बना है। वह भी जगह- जगह टूट चुका है। नाली गन्दगी से जाम हो गई है। जिसके चलते बरसात में जल निकासी की समस्या बढ़ जाती है। पहले की बनी नालियां सकरी हैं। बरसात के मौसम में इस वार्ड की जनता काफी दुश्वारियां झेलती हैं। जल निकासी की समस्या इस मोहल्ले की पहले से चली आ रही है। जिसे लेकर जिम्मेदारों के पास कोई ठोस योजना नही दिख रही है।
वार्ड के लोगों को किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी। पेयजल, सफाई, जलनिकासी पर बेहतर तरीके से काम होना प्रस्तावित है। वार्ड में कोई समस्या हो रही होगी तो उसे दूर कराया जाएगा।
मोहम्द आमिर अंसारी चेयरमैन
नगर पंचायत बखिरा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।