Hindi NewsUttar-pradesh NewsSambhal NewsRising Temperatures Affect Daily Life Maximum Temperature Reaches 41 8 C

तेज धूप व गर्म हवाओं से जनजीवन प्रभावित, दोपहर में सड़कों पर पसरा सन्नाटा

Sambhal News - जनपद में तापमान में वृद्धि हो रही है, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण बाइक सवारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदार भी गर्मी से राहत पाने के लिए...

Newswrap हिन्दुस्तान, संभलSun, 27 April 2025 02:01 AM
share Share
Follow Us on
तेज धूप व गर्म हवाओं से जनजीवन प्रभावित, दोपहर में सड़कों पर पसरा सन्नाटा

जनपद में लगातार तापमान बढ़ रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया। दोपहर के समय सूरज की तपिश इतनी बढ़ गई कि सड़क पर चलना भी मुश्किल हो गया। बाइक सवारों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। धूप और लू से बचाव के लिए लोग अपने शरीर को कपड़ों से ढककर बाहर निकले, लेकिन उसके बावजूद गर्मी से राहत नहीं मिली। अप्रैल माह के अंत में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। तापमान में दिन प्रतिदिन बढोत्तरी हो रही है। शनिवार को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री व न्यूनतम तापमान24.8 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया। गर्मी अधिक होने की वजह से बाइक सवारों का दोपहर में सड़क पर चलना मुश्किल हो गया। बाइक सवार कई जगह सड़क किनारे अपने वाहन रोककर छांव में आराम करते नजर आए। दोपहर के समय मुख्य बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। जहां सामान्य दिनों में चहल-पहल रहती थी, गर्मी की वजह से काफी कम दिखाई दी। दोपहर में दुकानदार भी दुकानों में कूलर व एसी में आराम करते दिखाई दिए। शाम के समय तापमान में थोड़ी गिरावट आई तो लोगों ने बाजारों का रुख किया। दुकानों पर खरीदारी करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थों, जैसे आइसक्रीम, शरबत, नींबू पानी और कोल्ड ड्रिंक्स का सहारा लेते दिखे, लेकिन उससे भी कुछ देर तक ही राहत मिल सकी। ग्रामीण इलाकों में भी गर्म हवा की वजह से खेतों में काम कर रहे किसान भी दोपहर के समय अपने घरों में ही रहे। दोपहर बाद किसानों ने खेतों का रुख किया। तापमान बढ़ने की वजह से मक्का की फसल प्रभावित हो रही है। ऐसे में किसान मक्का की फसल की सिंचाई करने में जुटे हैं। हालाकि दोपहर में बिजली कम मिलने की वजह से किसान रात में फसल की सिंचाई कर रही रहे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें