स्मार्ट पालिका प्रोजेक्ट में नगर पालिका हुआ चयन
Sambhal News - सरकार ने संभल नगर पालिका को स्मार्ट पालिका प्रोजेक्ट के तहत चुना है। यह परियोजना शहर के विकास को तकनीकी रूप से समृद्ध बनाएगी, जिससे रोजगार के नए अवसर और नागरिकों को आधुनिक सेवाएं मिलेंगी। विशेष टीम ने...

शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में सरकार ने एक कदम आगे बढ़ाया है। उत्तर प्रदेश की जिन छह नगर पालिका परिषदों का चयन स्मार्ट पालिका बनाने की प्रक्रिया में आंकलन के लिए किया गया है। उनमें संभल नगर पालिका का भी नाम शामिल है। खुशी की बात तो यह है शासन की टीम ने बुधवार को आंकलन और सर्वे के साथ सत्यापन कर लिया है। जल्द टीम रिपोर्ट शासन को सौंपेंगी। इससे नगर क्षेत्र का चहुंमुखी विकास होगा। उत्तर प्रदेश में नगरीय विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए सरकार ने छह नगर पालिका परिषदों का चयन ‘स्मार्ट पालिका प्रोजेक्ट के तहत किया है।
जिसमें संभल नगर पालिका का नाम भी शामिल हुआ है। यह खबर न सिर्फ शहरवासियों के लिए हर्ष का विषय है, बल्कि भविष्य में संभल के कायाकल्प की मजबूत नींव भी है। शासन की ओर से गठित विशेष टीम ने बुधवार को संभल में पहुंचकर सर्वेक्षण, आंकलन और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की। अब इस संबंध में तैयार की गई विस्तृत रिपोर्ट शासन को सौंपी जाएगी। पालिका ईओ डॉ. मणिभूषण तिवारी ने बताया कि परियोजना बरेली, लखनऊ और कानपुर जैसे बड़े शहरों की तर्ज पर लागू की जाएगी। जिससे संभल नगर क्षेत्र को एक विकसित और स्मार्ट शहर के रूप में स्थापित किया जा सके। उन्होंने बताया कि स्मार्ट पालिका प्रोजेक्ट का उद्देश्य शहर के कामकाज को तकनीक आधारित बनाना। नागरिकों को सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना, जीवन की गुणवत्ता में सुधार करना और स्थानीय आर्थिक विकास को गति देना है। इस योजना के तहत संभल में कई महत्वपूर्ण और आधुनिक परियोजनाएं प्रस्तावित की गई हैं। संभल को मिलेगा नया आयाम स्मार्ट पालिका प्रोजेक्ट न केवल शहर की सूरत बदलेगा, बल्कि इसके जरिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। साथ ही, नागरिकों को आधुनिक और कुशल सेवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी। यह प्रोजेक्ट शहर को तकनीकी रूप से समृद्ध और संरचनात्मक रूप से सुदृढ़ बनाएगा। नगर पालिका की इस उपलब्धि से शहरवासियों में उत्साह और उम्मीद की लहर है। यदि योजना समयबद्ध तरीके से लागू होती है, तो आने वाले वर्षों में संभल उत्तर प्रदेश के प्रमुख विकसित शहरों की सूची में शामिल हो सकता है। - नगर पालिका के सभी कामकाज को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाया जाएगा, जिससे पारदर्शिता और गति सुनिश्चित हो सके। - शहर के सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट एजुकेशन सिस्टम लागू किया जाएगा। - पर्याप्त और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु नई पाइपलाइन और फिल्ट्रेशन सिस्टम लगाए जाएंगे। - प्रमुख मार्गों का सुदृढ़ीकरण और नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा। - पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए बेहतर फुटपाथ का निर्माण कराया जाएगा। - निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए सस्ते और सुविधाजनक आवासों का निर्माण कराया जाएगा। - आवारा और घायल जानवरों के लिए देखभाल के लिए एनिमल केयर सेंटर की स्थापना की जाएगी। - सामूहिक आयोजनों और विवाह समारोहों के लिए विशेष भवन और खुले स्थान विकसित किए जाएंगे। - बच्चों और बुजुर्गों के लिए हरित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त पार्क भी बनाये जायेंगे। - बंच केबिल और ट्रांसफार्मर सेफ्टी पर काम किया जाएगा। इकसे अलावा अन्य प्रोजेक्ट भी शामिल हैं। नगर पालिका संभल का स्मार्ट पालिका प्रोजेक्ट के तहत चयन किया गया है। स्मार्ट पालिका की आधारभूत नगरीय संरचनाओ के विकास एवं नगरीय परिवेश से जुड़ी आधुनिक सूचकों के डिजाइन एवं कार्य योजनाओं हेतु नगर विकास विभाग से आईं 4 सदस्यीय एक्सपर्ट टीम के साथ चर्चा की गई है। जिसमें विभिन्न संसाधनों की जानकारी एवं स्मार्ट सिटी के मानदंडों हेतु विस्तार से जानकारी दी गई। - डा. मणिभूषण तिवारी, ईओ, संभल।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।