सतेंद्र यादव बने यूथ बार के अध्यक्ष, निकिल महासचिव
Rampur News - यूथ बार को छह साल बाद नए पदाधिकारियों का चुनाव हुआ है। सतेंद्र प्रताप सिंह नए अध्यक्ष और निकिल कुमार महासचिव बने हैं। चुनाव निर्विरोध हुए और अधिवक्ताओं ने नए पदाधिकारियों का स्वागत किया। सतेंद्र ने...

यूथ बार को करीब छह साल बाद नए चेहरे मिल गए हैं। सतेंद्र प्रताप सिंह यूथ बार के नए अध्यक्ष और निकिल कुमार महासचिव होंगे। इकलौती दावेदारी से नामांकन प्रक्रिया में यूथ बार का चुनाव निपट गया और चुनाव अधिकारी ने चार प्रमुख पदों पर निर्विरोध निर्वाचन घोषित कर दिया। बार अध्यक्ष तकरीरुर्रहमान समेत अधिवक्ताओं ने यूथ बार के नए पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। सतेंद्र ने कहा कि वह हमेशा वकीलों के हित की बात करेंगे। वकीलों का उत्पीड़न नहीं सहेंगे। भले इसके लिए उन्हें आंदोलन करने पड़ें। गौरतलब है कि यूथ बार अध्यक्ष का पद पिछले छह सालों से मनोज भारद्वाज कब्जाए बैठे थे। पिछले दिनों चुनाव की मांग की सुगबुगाहटें उठते ही उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद चुनाव अधिकारी नियुक्त कर दिए गए। सोमवार को नामांकन प्रक्रिया के अंत समय तक अध्यक्ष पद पर सिर्फ सतेंद्र प्रताप सिंह की दावेदारी आई। महासचिव पद पर छत्रपाल सिंह के पर्चा वापस लेने के कारण निकिल कुमार इकलौते दावेदार रह गए। इसी तरह वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए हरीश कुमार और प्रवक्ता पद के लिए रिंकू यादव अकेले दावेदार थे। जिसके चलते मुख्य चुनाव अधिकारी मोहम्मद अकरम अली और सहायक चुनाव अधिकारी दिनेशपाल ने चारों पदों पर चुनाव निर्विरोध घोषित कर दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।