Hindi NewsUttar-pradesh NewsPrayagraj NewsMassive Attendance at Mahakumbh Over 1 32 Crore Pilgrims Bathe in Sacred Confluence

नौ दिन से लगातार स्नानार्थियों की संख्या एक करोड़ पार

Prayagraj News - महाकुम्भ के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। रविवार को 1.32 करोड़ श्रद्धालुओं ने गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम में स्नान किया। माघी पूर्णिमा के बाद यह संख्या 62.06...

Newswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराजSun, 23 Feb 2025 09:46 PM
share Share
Follow Us on
नौ दिन से लगातार स्नानार्थियों की संख्या एक करोड़ पार

सनातन धर्म के इतिहास में सर्वाधिक श्रद्धालुओं को आकर्षित करने वाले महाकुम्भ में आस्था का सैलाब रुकने का नाम नहीं ले रहा। रविवार को लगातार नौवें दिन एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पवित्र संगम में डुबकी लगाकर धन्य हो गए। रविवार को रात आठ बजे तक 1.32 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया। इसमें शनिवार तक स्नान करने वाले 60.74  करोड़ श्रद्धालुओं को जोड़ लिया जाए तो रविवार तक कुल 62.06 करोड़ आस्थावान स्नान कर चुके थे। ऐसा पहली बार हो रहा है कि माघी पूर्णिमा बीतने के 11 दिन बाद इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला बना हुआ है। 12 फरवरी को माघी पूर्णिमा के स्नान पर्व पर 2.06 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई थी। उसके बाद 13 फरवरी को 85.46 लाख और 14 फरवरी को 96.98 लाख लोगों ने डुबकी लगाई थी। उसके बाद 15 फरवरी से श्रद्धालुओं के आने की रफ्तार बढ़ी तो रविवार तक तांता लगा हुआ है। रविवार को भी पूरे दिन संगम क्षेत्र के काली मार्ग और गंगा पथ तो झूंसी जीटी रोड पर श्रद्धालुओं की कतार लगी रही।

नैनी में भी सड़कों पर चारों ओर श्रद्धालु नजर आए। वाहनों के प्रतिबंध के कारण श्रद्धालुओं को कई किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ रहा है, लेकिन संगम में स्नान का उत्साह ऐसा है कि किसी के चेहरे पर शिकन तक नहीं पड़ रही। रविवार को सुबह आठ बजे तक 31.70 लाख, दस बजे तक 51.73 लाख, 12 बजे तक 70.92 लाख, दो बजे तक 87.73 लाख, चार बजे तक 1.03 करोड़ और छह बजे तक 1.18 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर चुके थे।

स्नानार्थियों की संख्या

15 फरवरी 1.36 करोड़

16 फरवरी 1.49 करोड़

17 फरवरी 1.35 करोड़

18 फरवरी 1.26 करोड़

19 फरवरी 1.19 करोड़

20 फरवरी 1.28 करोड़

21 फरवरी 1.28 करोड़

22 फरवरी 1.43 करोड़

23 फरवरी 1.32 करोड़

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें