मुख्यमंत्री संग भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लगाई संगम में डुबकी
Prayagraj News - भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को महाकुम्भ नगर में परिवार संग संगम में स्नान किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। नड्डा परिवार ने गंगा मइया को चुनरी अर्पित की और लोककल्याण की...

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार को सपरिवार संगम में आस्था की डुबकी लगाई। महाकुम्भ नगर में सपरिवार पहुंचने पर जेपी नड्डा का स्वागत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्रिवेणी संकुल में किया। उसके बाद सभी अरैल घाट से फ्लोटिंग जेटी के जरिए संगम पहुंचे। यहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने परिवार और मुख्यमंत्री के साथ प्रवासी पक्षियों को दाना खिलाया। उसके बाद भाजपा अध्यक्ष ने सबसे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, महापौर गणेश केसरवानी, विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह और सतुआ बाबा संग संगम स्नान किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की जनता के कल्याण की कामना की। भाजपा नेताओं के साथ सामूहिक स्नान के बाद जेपी नड्डा ने पत्नी और परिजनों संग विधि-विधान से संगम में पावन डुबकी लगाई। नड्डा परिवार ने गंगा मइया को चुनरी अर्पित करके लोककल्याण की कामना की।
इस दौरान संगम स्नान करने पहुंची जनता ने भी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जय श्रीराम और गंगा मइया की जय के उद्घोष से अभिवावदन किया। यहां से सभी बड़े हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां विधिविधान से पूजा-अर्चना की। उसके बाद सभी ने अक्षयवट के भी दर्शन-पूजन किए।
एयरपोर्ट पहुंचने पर भाजपाइयों ने किया स्वागत
इससे पहले प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और उनकी धर्मपत्नी मलिका नड्डा का भाजपाइयों ने स्वागत किया। स्वागत करने वालों में सांसद प्रवीण पटेल, पूर्व सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी व केशरी देवी पटेल, विधायक दीपक पटेल, हर्षवर्धन बाजपेई, महापौर गणेश केसरवानी, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा, जिला प्रवक्ता राजेश केसरवानी, वरुण केसरवानी रवि, रमेश पासी, देवेश सिंह आदि शामिल रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।