प्रयागराज जंक्शन पर यात्रियों की मददगार बनीं सुमन
Prayagraj News - प्रयागराज जंक्शन पर आरक्षित यात्रियों के लिए बनाए गए यात्री आश्रय में सुमन अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रही हैं। उनकी सौम्य आवाज और मददगार रवैया यात्रियों के बीच उन्हें लोकप्रिय बना रहा है। सुमन हर...

प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ रही हैं। इसी का एक अनूठा उदाहरण हैं प्रयागराज जंक्शन पर आरक्षित यात्रियों के लिए बनाए गए यात्री आश्रय में कार्यरत सुमन। सौम्य व्यवहार, मधुर आवाज और हाजिर जवाबी के कारण सुमन न सिर्फ अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रही हैं, बल्कि यात्रियों के बीच अपनी एक अलग पहचान भी बना रही हैं।
प्रयागराज जंक्शन पर आरक्षित यात्रियों के लिए अलग से बनाए गए आश्रय में ट्रेन आने के आधे घंटे पहले जानकारी दी जाती है। सुमन जंक्शन परिसर में बने पांचवें यात्री आश्रय की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। हर ट्रेन की अपडेट लेकर यात्रियों के लिए एनाउंसमेंट करती हैं। यात्रियों के हर सवाल का जवाब दे रही हैं। उनकी बातचीत में सौम्यता और मददगार रवैये ने उन्हें यात्रियों के बीच लोकप्रिय बना दिया है। सुमन हर ट्रेन का समय, प्लेटफार्म और अन्य सूचनाएं देकर यात्रियों की यात्रा को सुगम बनाती हैं। प्रयागराज जंक्शन पर सुमन का यह योगदान महिला सशक्तीकरण का एक जीवंत उदाहरण है। उनकी मेहनत और लगन न केवल रेलवे के अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि महिलाएं हर जिम्मेदारी को बखूबी निभा सकती हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।