पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बेटे के साथ लगाई आस्था की डुबकी
Prayagraj News - मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपने बेटे जयवर्धन के साथ माघी पूर्णिमा पर संगम में स्नान किया। उन्होंने कहा कि भारत की पहचान सर्वधर्म सद्भाव से है और यह आस्था का विषय है। महाकुम्भ...

प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बुधवार को माघी पूर्णिमा के अवसर पर अपने बेटे जयवर्धन सिंह के साथ संगम में आस्था की डुबकी लगाई। वे हेलीकॉप्टर से अरैल घाट पहुंचे और वहीं स्नान किया। इस दौरान मीडियाकर्मियों से बातचीत में दिग्विजय सिंह ने कहा कि भारत की पहचान सर्वधर्म सद्भाव से होती है। वह पिछले तीन कुम्भ से संगम स्नान के लिए आ रहे हैं। यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि आस्था का विषय है। उन्होंने महाकुम्भ के दौरान हुई भगदड़ पर दुख जताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए थीं। उन्हें मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। दिग्विजय ने कहा कि सरकार ने 100 करोड़ लोगों के प्रबंधन का दावा किया था, लेकिन शायद आने वाले वाहनों की संख्या का सही अंदाजा नहीं लगाया गया। अगर हर सड़क पर पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था होती और संगम तक पहुंचने के लिए बसों का इंतजाम किया जाता, तो ट्रैफिक जाम की समस्या नहीं होती। यह भी स्वीकार किया कि इतनी बड़ी व्यवस्था में कुछ न कुछ कमी रह जाती है। उन्होंने आगे कहा कि महाकुम्भ कोई इवेंट नहीं, बल्कि आस्था का पर्व है। हम यहां किसी वीआईपी के रूप में नहीं, बल्कि एक सामान्य श्रद्धालु बनकर आए हैं। स्नान के बाद दिग्विजय सिंह शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से आशीर्वाद लेने पहुंचे। इस दौरान मेंहदौरी के पूर्व पार्षद मुकुंद तिवारी भी उनके साथ मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।