पहलगाम में हुई घटना के बाद इंडो नेपाल और उत्तराखंड बार्डर पर अलर्ट
Pilibhit News - पीलीभीत में पहलगाम में आतंकी घटना के बाद नेपाल बार्डर से सटे जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस और एसएसबी ने बार्डर क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया और स्थानीय निवासियों से संवाद किया। पीएसी और अन्य...

पीलीभीत। पहलगाम में हुई आतंकी घटना के बाद नेपाल बार्डर से सटे जिले में भी कड़ी चौकसी बरती जा रही है। जिले में बार्डर से सटे गांवों में पुलिस संवाद कर फ्लैग मार्च किया गया। बार्डर पर स्थानीय पुलिस के साथ साथ एसएसबी को भी अलर्ट किया गया है। बार्डर पर पुलिस के अलावा पीएसी को भी चौकस किया गया है। उत्तराखंड बार्डर पर भी विशेष चौकसी बरती जा रही है। पीलीभीत जिले की लगभग 54 किलोमीटर लंबी भारत-नेपाल की अंतर्राष्ट्रीय सीमा है। सीमा पर जनपद के थाना माधोटांडा और हजारा थाना क्षेत्रों के कई गांव आते हैं। इसके अलावा नेपाल की ओर जाने के लिए सुतिया नाला भी पार करना पड़ता है। चूंकि भारत और नेपाल के मित्र राष्ट्र होने के कारण सीमा पूरी तरह से खुली हुई है। जिले में कोई चेक पोस्ट भी नहीं है। ऐसे में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में पर्यटकों की हत्या के बाद जिले में नेपाल बार्डर पर विशेष सर्तकता बढ़ा दी गई है। नेपाल बार्डर पर एसएसबी को चौकस कर दिया गया है। इसके अलावा स्थानीय हजारा और माधोटांडा थानों की पुलिस ने भी बार्डर क्षेत्र के गांवों में फ्लैग मार्च कर ग्रामीणों से संवाद किया। एएसपी विक्रम दहिया ने बताया कि बार्डर क्षेत्र के गांव में पीएसी और पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च भी किया जा रहा है। बार्डर पर हर आने जाने वाले लोगों के बारे में जानकारी की जा रही है। पूरनपुर के लिए एक कंपनी पीएसी भी अतिरिक्त उपलब्ध कराई गई है। पीएसी को पूरनपुर सर्किल में कहीं भी भेजा जा सकता है। बार्डर पर भी पीएसी को लगाया जाएगा। इसके अलावा उत्तराखंड बार्डर पर भी सर्तकता बरती जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।