Hindi NewsUttar-pradesh NewsMeerut Newswheather and pollution in meerut

कोहरा कहर ढाएगा, जहरीली हुई मेरठ की हवा

Meerut News - दिन-रात के तापमान में आ रही गिरावट के बीच ठंड से हाथ-पैर सुन्न पड़ने लगे हैं। अभी तक रात में शुरू हो रहे कोहरे का कहर भी आज से बढ़ता जाएगा। अगले 48 घंटे में दिन-रात में तापमान में गिरावट के साथ ही...

Newswrap हिन्दुस्तान, मेरठFri, 6 Dec 2019 02:27 AM
share Share
Follow Us on
कोहरा कहर ढाएगा, जहरीली हुई मेरठ की हवा

दिन-रात के तापमान में आ रही गिरावट के बीच ठंड से हाथ-पैर सुन्न पड़ने लगे हैं। अभी तक रात में शुरू हो रहे कोहरे का कहर भी आज से बढ़ता जाएगा। अगले 48 घंटे में दिन-रात में तापमान में गिरावट के साथ ही घने कोहरे के आसार हैं। 11 दिसंबर तक कोहरे की मार इसी तरह से जारी रहेगी। इसके बाद मौसम बदलेगा और मैदानों में एक बार फिर बारिश दस्तक दे सकती है। 13 दिसंबर से मैदानों में तेज ठंडी हवा चल सकती है। इससे मैदानों में दिन-रात के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी। आने वाले दिनों में कोहरा, बारिश और कड़ाके की ठंड से मैदानों में कंपकंपी छूटना तय है।

गुरुवार को मेरठ में दिन का पारा 22.5 और रात का 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। बुधवार के सापेक्ष दिन के तापमान में 0.5 और रात में 0.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। फिलहाल दिन का तापमान सामान्य से दो डिग्री कम जबकि रात का सामान्य रिकॉर्ड हुआ। हालांकि रात में कोहरा छाने लगा है। ऐसे में रात में ठंड से गलन बढ़ने लगी है।

आज से कोहरा बढ़ेगा, 12-13 को बारिश के आसार

मेरठ। मौसम विभाग के अनुसार मैदानों में अगले 48 घंटे घने कोहरे के आसार हैं। आने वाले दो-तीन दिनों में कोहरा इसी तरह से परेशान करता रहेगा। 11 दिसंबर को पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ पहुंचेगा जिससे हवाओं का रुख बदलकर दक्षिणी-पूर्वी हो जाएगा। इससे मैदानों में रात के तापमान में तो बढ़ोतरी होगी, लेकिन घना कोहरा भी छाने के लिए परिस्थितियां और अनुकूल हो जाएंगी। मौसम विभाग के अनुसार 12-13 दिसंबर को पूरे उत्तर भारत के मैदानों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी संभव है।

आज बादल छाने के आसार

मेरठ। मौसम वैज्ञानिक डॉ.एन सुभाष के अनुसार आज बादल छाए रहने के आसार हैं। सुबह के वक्त मध्यम कोहरा छाने के आसार हैं। डॉ.सुभाष के मुताबिक शुक्रवार को दिन का तापमान 22 और रात का आठ डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

मेरठ का एक्यूआई 359 तक पहुंचा

लगातार गिर रहे दिन-रात के तापमान और हवा की धीमी रफ्तार से प्रदूषण एक बार फिर से खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। कोहरा बढ़ने से प्रदूषण के स्तर में और बढोतरी होने की आशंका है। अगले 48 घंटे में मेरठ में वायु की गुणवत्ता और गिरेगी। प्रदूषकों की मात्रा बढ़ने से मेरठ एक बार फिर गैस चैंबर बनने की ओर बढ़ने लगा है। फिलहाल 10 दिसंबर तक पहाड़ों पर कोई सक्रिय सिस्टम नहीं होने से राहत की उम्मीद नहीं है। 11 दिसंबर को नए पश्चिमी विक्षोभ और 12-13 को इस सिस्टम से मैदानों में बारिश के बाद ही प्रदूषण से राहत मिल सकेगी, लेकिन तब तक मेरठ में हर सांस घुटती रहेगी।

गुरुवार को सेंट्रल पॉल्युशन कंट्रोल बोर्ड (सीपीसीबी) के चार बजे जारी वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 359 दर्ज हुआ। बुधवार के सापेक्ष प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी हुई। सुबह दस बजे मेरठ में एक्यूआई 367 तक पहुंचा चुका था, लेकिन धूप निकलने के बाद इसमें राहत मिली। हालांकि रात को प्रदूषण के ग्राफ में फिर से बढ़ोतरी का दौर शुरू हुआ और रात आठ बजे मेरठ का एक्यूआई 369 दर्ज हुआ। इसमें गंगा नगर केंद्र का एक्यूआई 337, पल्लवपुरम का 378 और जयभीम नगर का 369 दर्ज हुआ। रात में कोहरा और प्रदूषकों के उच्च स्तर से प्रदूषण भयावह स्थिति में बना हुआ है। गुरुवार को मेरठ में हवा की गुणवत्ता रेड कैटेगिरी यानी लाल श्रेणी में रही। हवा का यह स्तर बेहद खराब श्रेणी का है। निजी एजेंसी स्काईमेट के अनुसार आने वाले तीन-चार दिनों में प्रदूषण से राहत की कोई आस नहीं है। 10 दिसंबर से हवा की दिशा दक्षिणी-पूर्वी होने से वायुमंडल में आद्रता बढ़ेगी। साथ ही तापमान कम रहेगा। इन दोनों स्थितियों में प्रदूषक जमीन की सतह पर बने रहेंगे। इस दौरान वायु गुणवत्ता और खराब स्थिति में पहुंचने की आशंका है। ऐसे में 11 दिसंबर तक मेरठ की हवा सांस लेने लायक नहीं रहेगी।

प्रदूषित शहरों में अधिकांश एनसीआर से

मेरठ। गुरुवार को सर्वाधिक प्रदूषित शहरों में शुमार चार शहर दिल्ली-एनसीआर से रहे। इन चारों शहरों में एक्यूआई 400 से ऊपर दर्ज किया गया जो खतरनाक श्रेणी में है। बेहद खराब श्रेणी वाले शहरों में भी अधिकांश दिल्ली-एनसीआर से ही हैं। मेरठ-सहारनपुर मंडल में गाजियाबाद की वायु गुणवत्ता सर्वाधिक खराब दर्ज की गई। आने वाले तीन-चार दिनों में इन शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 500 का आंकड़ा छू सकता है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें