सड़क हादसों में महिला सहित दो की मौत
Meerut News - दौराला क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। एक हादसे में घायल महिला को अस्पताल में भर्ती करने से इनकार किया गया, जिसके कारण उसकी मौत हुई। दूसरे हादसे में 70 वर्षीय...

दौराला, संवाददाता। दौराला क्षेत्र में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में महिला समेत दो लोगों की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। एक हादसे में कार चालक ने घायल महिला को अस्पताल ले जाकर इलाज करने को कहा लेकिन आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने महिला को भर्ती करने से इनकार कर दिया।
हाईवे पर दौराला गांव के सामने दौराला निवासी 50 वर्षीय राजबीरी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल महिला को एक कार सवार अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने भर्ती करने से इंकार कर दिया। बाद में घायल महिला को पुलिस ने मोदीपुरम के एक अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनकी मौत हो गई। महिला के पति कृष्ण, बेटे अरविंद का रो-रोकर बुरा हाल था। अरविंद ने बताया उनकी मां मोदीपुरम स्थित एक अस्पताल में काम करती थी। दूसरा हादसा दौराला मसूरी मार्ग पर काली नदी के पास हुआ। यहां पैदल जा रहे अझौता निवासी 70 वर्षीय चरण सिंह को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल बुजुर्ग की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया तो मृतक के भाई कैलाश और ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई से इंकार कर दिया।
मदद पर भारी पड़ी मृत संवेदनाएं
दौराला। शुक्रवार शाम हाईवे पार कर अस्पताल में डयूटी पर जा रही दौराला निवासी राजवीरी को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। घायल महिला सड़क पर तड़प रही थी। वहां से गुजर रहे कार चालक ने मदद करते हुए घायल राजवीरी को अपनी कार से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराकर उनकी जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने राजवीरी को भर्ती करने से इंकार कर दिया। कार सवार घायल को लेकर दौराला चौराहा पहुंचा और वहां चेकिंग कर रहे इंस्पेक्टर दौराला को घटना से अवगत कराया। इंस्पेक्टर दौराला ने घायल महिला को मोदीपुरम के अस्पताल में भर्ती कराया जहां महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। लोगों ने कहा अगर अस्पताल प्रबंधन महिला को भर्ती कर इलाज करता तो शायद उनकी जान बच जाती।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।