दुर्गापुरम में घरों पर लगे पलायन के पोस्टर, दौड़ी पुलिस
Meerut News - मेरठ के दुर्गापुरम में पलायन के पोस्टर लगाने की सूचना पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। शुक्रवार को एक मकान के सौदे को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश था। इंस्पेक्टर ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए पोस्टर...

मेरठ, कार्यालय संवाददाता। दुर्गापुरम में घरों पर पलायन के पोस्टर लगाए जाने की सूचना पर शनिवार को पुलिस दौड़ पड़ी। पुलिस ने लोगों से बात की और समस्या के समाधान का भरोसा दिलाते हुए पोस्टर हटवा दिया। काफी देर गहमा गहमी होती रही, जिसके बाद पुलिस लौट गई। टीपीनगर थाना क्षेत्र की दुर्गापुरम कालोनी में एक मकान काफी समय से खाली पड़ा था। भोला रोड निवासी प्रोपर्टी डीलर ने इस मकान को खरीद लिया और मौका पाकर उसका सौदा कंकरखेड़ा निवासी रियाजुद्दीन से कर दिया। इस बात की भनक शुक्रवार शाम कालोनी के लोगों को लगी तो वह आक्रोशित हो गए। उन्होंने दूसरे पक्ष को मकान बेचने का विरोध कर दिया। इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सक्सेना मौके पर पहुंचे और सौदा खत्म कराने का आश्वासन देकर मामला शांत कराकर लौट गए। शनिवार सुबह एकाएक मकानों पर पलायन के पोस्टर लग गए। हिंदू संगठन के नेता सचिन सिरोही भी आ गए और उन्होंने नारेबाजी कर दी। पलायन के पोस्टर लगने की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन फानन में इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सक्सेना मौके पर पहुंचे और बात की। इंस्पेक्टर ने कहा कि जब शुक्रवार शाम ही समस्या का समाधान ढूंढ लिया गया तो फिर मामले को दोबारा तूल देने का प्रयास क्यों हो रहा है। उन्होंने पोस्टर चस्पा करने पर नाराजगी जताई और भीड़ में शामिल कुछ लोगों पर क्षेत्रवासियों को भड़काने का आरोप लगा दिया। कुछ लोग बचाव करने लगे। गहमा गहमी हो गई। इंस्पेक्टर की नाराजगी देख लोगों ने घरों पर लगे पोस्टर हटा लिए। इंस्पेक्टर ने कहा कि वह प्रोपर्टी डीलर से बात कर चुके हैं। उसने मकान दूसरे पक्ष से वापस लेने का भरोसा दिलाया है। अगर फिर भी वह मनमानी करता है तो पुलिस उसके खिलाफ ही कार्रवाई करेगी। इसके बाद पुलिस वहां से लौट गई।
इनका कहना है...
शुक्रवार शाम ही पुलिस ने समस्या का समाधान ढूंढ निकाला था। किन लोगों ने दोबारा लोगों को भड़काया और पोस्टर लगवाए, इसका पता लगाया जा रहा है। उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी। - आयुष विक्रम सिंह, एसपी सिटी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।