बोले मैनपुरी: पीने को पानी न सफाई लोहाई दे रहा है दुहाई
Mainpuri News - मैनपुरी। शहर के मोहल्ला लोहाई में पानी का संकट बढ़ रहा है। बारिश के दिनों में यहां जलभराव एक बड़ी समस्या है।
शहर के मोहल्ला लोहाई में पानी का संकट बढ़ रहा है। बारिश के दिनों में यहां जलभराव एक बड़ी समस्या है। यहां की सड़कें रात होते ही अंधेरे में डूब जाती है। जगह-जगह फैली गंदगी की समस्या का समाधान भी नहीं हो रहा। यहां के लोग कहते हैं कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्रों तक नहीं पहुंचता। शहर का प्रमुख हिस्सा होने के बावजूद भी यहां के लोग गर्मी के दिनों में पीने के पानी समस्या का सामना करते हैं। लोग चाहते हैं कि पालिका प्रशासन की ओर से उन्हें आवश्यक सुख सुविधाएं दी जाए मगर ऐसा नहीं हो पा रहा। हिन्दुस्तान के बोले मैनपुरी संवाद के दौरान यहां के लोगों ने अपनी समस्याएं बताई। कहा कि समस्याओं का समाधान पालिका प्रशासन कागजों में कर लेता है।
नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नं. 26 को शहर के लोग लोहाई मोहल्ले के नाम से जानते हैं। इस इलाके की 12 हजार से अधिक आबादी है। जो गर्मी के दिनों में पीने के पानी की समस्या से जूझती है। यहां जो हैंडपंप लगे हैं उन पर सबमर्सिबल डाल लिए गए हैं। ज्यादातर हैंडपंप जलस्तर नीचे चले जाने से पानी देना बंद कर चुके हैं। सबसे बड़ी बात तो यह है कि पालिका की वाटर सप्लाई भी यहां के लोगों के घरों तक नहीं पहुंचती।
यहां के निवासी रमेश, लालू, दीपक, सुरेश, हीरालाल का कहना है कि जल संकट का समाधान करने के लिए पालिका हर साल बड़ा बजट खर्च करती है लेकिन यह बजट कहां चला जाता है यह सवाल यहां के लोगों की जुबान पर है। पालिका ने सफाई कर्मचारियों की फौज लगा रखी है लेकिन इस इलाके में यहां नियमित सफाई नहीं होती। यही वजह है कि यहां जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे रहते हैं। सफाई व्यवस्था न होने नाले और नालियां गंदगी से भरे पड़े हैं। लोहिया वार्ड के इलाके में प्रकाश व्यवस्था भी एक बड़ी समस्या है। रात होते ही यहां की गलियां अंधेरे में डूब जाती है।
आवागमन में महिलाओं को डर लगता है कि उनके साथ कहीं कोई घटना नहीं हो जाए। पालिका मुख्य मार्गों पर तिरंगा लाइट लगा रही है। यहां के लोगों का कहना है कि गलियों में भी पोल पर छोटे बल्ब लगा दिए जाए। जहां सार्वजनिक स्थलों पर जरूरत हो वहां स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था कराई जाए। पालिका प्रशासन से यहां के लोगों की एक मांग और है। लोगों का कहना है कि शौचालय नहीं है। आवश्यकतानुसार यहां दो सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया जाए।
बोले लोग
नगरपालिका के वार्ड लोहाई की कुल 12 हजार की आबादी है। 6 हजार मतदाता ने अपने मत का प्रयोग विकास व वार्ड में बदलाव की उम्मीद लगाते हुए किया था। उनकी इच्छाओं के अनुसार विकास नहीं हुआ है।
-मोहित गुप्ता, सभासद
वार्ड मे काफी ऐसे लोग जो दुर्लभ बीमारी से जूझ रहे हैं। जिनका आयुष्मान कार्ड नहीं बना है और न बन पा रहा है। कैंप लगाकर सभी लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ दिलाया जाए।
-तरुण वर्मा
वार्ड के अंदर चार मुख्य सड़के हैं जिनका विकास कराना सभासद की प्राथमिकता थी। दो सड़कों का तो निर्माण हो गया लेकिन दो सड़के जैसी थी वैसी पड़ी है। क्षतिग्रस्त सड़के होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
-उमेश चंद्र
वार्ड में अत्याधिक गंदगी होने संक्रामक बीमारियां फैलने लगी है। कई लोग ऐसे हैं जो अस्पताल जाने में असमर्थ है। वार्ड के अंदर एक स्वास्थ्य कैंप लगने लगे तो मरीजों का इलाज भी होगा और उन्हें आसानी से दवा भी मिलेगी।
-धर्मेंद्र कुमार
गर्मी का मौसम आ गया है और मच्छर बढ़ने लगे हैं। इनकी रोकथाम के लिए पालिका की ओर से कोई पहल नहीं की गई है। वार्ड में नियमित एंटी लार्वा व मच्छर मार दवा का छिड़काव कराया जाए। इससे लोगों को राहत मिलेगी।
-गौरव
वार्ड में एक भी कूड़ादान नहीं है। जिससे जगह-जगह कूड़ा फैला रहता है। पालिका में जिसकी शिकायत स्थानीय लोगों ने दर्ज कराई थी लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। चेयरमैन व ईओ वार्ड की सभी शिकायतों पर ध्यान दें।
-मो. आरिफ
वार्ड में सार्वजनिक शौचालय को लेकर बोर्ड की मीटिंग में प्रस्ताव रखा गया है। बनाने की बात तो हुई लेकिन कोई काम शुरू नहीं हुआ। चेयरमैन इस पर ध्यान देकर सार्वजनिक शौचालय का जल्द निर्माण कराए।
-रामकिशन पांडेय
नगरपालिका का यह वार्ड छोटा भी है लेकिन सफाई व्यवस्था बदहाल पड़ी है। सफाईकर्मी आते हैं और मनमाने तरीके से सफाई कर चले जाते हैं। वार्ड में सफाई के लिए कर्मियों को विशेष निर्देश दिए जाए।
-अभिनव
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।