कागजों में दफन हो गया ट्रांसपोर्ट नगर विस्तार
Mainpuri News - मैनपुरी के ट्रांसपोर्ट नगर को फिर से विकसित करने की आवश्यकता है। प्रशासन ने कई बार बैठकें कीं, लेकिन योजनाएं कागजों में ही रह गईं। यहां की व्यापारियों ने अपना कारोबार समेट लिया है। ट्रांसपोर्ट नगर में...

मैनपुरी। शहर के आगरा बाईपास रोड पर बसाए गए ट्रांसपोर्ट नगर में ट्रांसपोर्ट से जुड़े व्यवसाय को फिर से विकसित करने के लिए बड़े संकल्प लेने की आवश्यकता है। हर महीने इस संबंध में बैठक होती है। जिले के बड़े अफसर इस बात को कहते भी हैं कि ट्रांसपोर्ट नगर फिर से बसाया जाएगा, लेकिन बैठक होने के बाद अफसरों का संकल्प कागजों में दफन हो जाता है। यही वजह है कि मैनपुरी के ट्रांसपोर्ट नगर को फिर से बसाने की सारी योजना अब तक फेल साबित होती रही है। ट्रांसपोर्ट नगर में दुकानें बनाई गई। गोदाम विकसित किए गए। माल ढुलाई के संसाधन उपलब्ध कराए गए। सड़क बनाई गई और यहां परिवहन विभाग, कृषि विभाग का स्थाई दफ्तर भी तैयार किया गया। मगर अफसोस प्रशासन ने इन सारी कोशिशों को पलीता लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। धीरे-धीरे मनमानी शुरू हुई अराजकता पैदा होने लगी और सुरक्षा की भावना खत्म हुई तो यहां के कारोबारियों ने अपना कारोबार समेट लिया। कारोबार शहर के अंदर जगह जगह स्थापित कर लिया गया।
कारोबारी, विनय गुप्ता, ट्रांसपोर्टर मेहरबान सिंह यादव का कहना है कि ट्रांसपोर्ट नगर में कारोबार फिर से शुरू हो तो मैनपुरी के कारोबार को बहुत बड़ा लाभ हो सकता है। जितने भी ट्रांसपोर्टिंग से जुड़े व्यवसाय हैं वह वहीं स्थापित कराए जाएं। सुरक्षा के दृष्टिगत वहां पुलिस चौकी की स्थापना हो। साथ ही कारोबारी की सुरक्षा का पूरा बंदोबस्त मिले। वही बैंक स्थापित हो तो निश्चित रूप से ट्रांसपोर्ट नगर विकसित होगा और मैनपुरी के विकास के लिए एक बहुत बड़ा मील का पत्थर स्थापित हो जाएगा। मगर ऐसा नहीं हो पा रहा।
ट्रांसपोर्ट नगर में आज से 10 साल पहले सहित मैनपुरी सहित कई जनपदों की गाड़ियों की मरम्मत, रंगाई पुताई का कार्य किया जाता था। जिससे बैल्डर सहित सभी का भरपूर काम मिलता था। जो अब नहीं मिल रहा है।
-अन्नू अग्रवाल
जनपद का ट्रांसपोर्ट नगर बदहाली का शिकार हो चुका है। बड़े वाहनों का प्रवेश न होने के चलते ट्रांसपोर्ट नगर के मेकेनिक के परिवारों पर भरण पोषण का संकट मडरा रहा है। ट्रांसपोर्ट नगर का विस्तार किया जाए।
-देवेंद्र प्रताप चौहान
ट्रांसपोर्ट नगर में मेकेनिक की दुकाने कम हैं। स्थानीय लोगों द्वारा यह मकान का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे मेकेनिक की दुकाने बंद हो गई हैं। जिससे उनका काम ठप्प होता नजर आ रहा है।
-मोहम्मद ताहिर
पूरे ट्रांसपोर्ट नगर के अंदर सभी मेकेनिकों को पीने की पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। कई बार सरकारी नल व आरओ लगाने की मांग की गई, लेकिन कोई पेयजल व्यवस्था नहीं की गई।
-नवीन पालीवाल
नेशनल हाईवे, एक्सप्रेस-वे और शहर की मुख्य सड़क व बाईपास बनकर जब से तैयार हो गए हैं। तभी से ट्रांसपोर्ट नगर में ट्रक, डीसीएम, बस जैसे भारी वाहन आना बंद हो गए हैं। जिससे उनका काम ठप हो गया है।
-जवर सिंह
ट्रांसपोर्ट नगर के अंदर जब भी बाहरी जनपदों से मरम्मत के लिए बस, ट्रक से बाहरी वाहन आते हैं तो उनके चालक परिचालकों के ठहरने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। एक प्रतीक्षालय की व्यवस्था की जाए।
-राधेश्याम
प्रशासन द्वारा नो एंट्री वाहनों के प्रवेश को बंद किया गया है। जिससे टं्रासपोर्ट नगर के सभी मैकेनिकों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। नो एंट्री के सभी वाहनों को प्रवेश करने की अनुमति दी जाए।
-जीतू कुमार
ट्रांसपोर्ट नगर के अंदर सफाई व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। पालिका द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाकर नगर की सफाई कराया अब एंटी लार्वा का छिड़काव नियमित रूप से कराया जाए। जिससे संक्रामक बीमारियों न हो।
-सुल्तान सिंह
ट्रांसपोर्ट नगर के अंदर व्यापारियों को व्यापार ठप हो गया तो वहां के 4 दुकानदार अपना सामान बेचकर दूसरे शहर में जाकर बस गए हैं। अगर ट्रांसपोर्ट नगर में व्यापार चलें तो व्यापारी अपना प्रतिष्ठान छोड़कर न जाएं।
-जावेद
टांसपोर्ट नगर में एआरटीओ ऑफिस की स्थापना की जाए । क्योंकि ज्यादा वाहन आने से सभी व्यापारियों को रोजगार मिलेगा और पहले की तरह ही ट्रांसपोर्ट नगर की अलग पहचान मिलेगी।
-आदिल
ट्रांसपोर्ट नगर में प्रकाश व्यवस्था ठप हो चुकी है। पूरे नगर में लगे बिजली पोलों पर स्ट्रीट लाइटें नहीं लगी हैं, जिससे पूरे नगर में अंधेरा पड़ा रहता है। अंधेरा होने से पहले व्यापारियों को अपना काम बंद करना पड़ता है।
-सुनील शर्मा
ट्रांसपोर्ट नगर के अंदर जो सड़के बनी हैं, वह बदहाल हो चुकी है। जिससे बाहर से आने वाले वाहन स्वामियों को गाड़ी मरम्मत कराने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। सभी सड़कों की मरम्मत कराई जाए।
-अब्दुल रहमान
आज से 10 वर्ष पहले प्रतिदिन ट्रांसपोर्ट नगर में लगभग 50 वाहनों का आवागमन होता था। जिससे सभी व्यापारियों का काफी तेजी से चल रहा था। मगर अब बदहाली के कारण ग्राहकों का इंतजार करना पड़ रहा है।
-बंटी
ट्रांसपोर्ट नगर में जिला अस्पताल अधिक दूर हैं। जिससे उन्हें कोई स्वास्थ्य व्यवस्था नहीं मिल पाती है। सरकार से मांग है कि महीने में कम से कम दो या तीन बार स्वास्थ्य कैंप लगाकर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए।
-विपिन कुमार
भूरप्रशासन-कारोबारियों की संयुक्त बैठक हो
ट्रांसपोर्टनगर की दुर्दशा को सुधारने के लिए जिला प्रशासन के अलावा शहर के कारोबारियों को भी आगे आना पड़ेगा। विशेष रूप से ट्रांसपोर्टर ट्रांसपोर्टनगर में अपना व्यवसाय शुरू करें। विकास भवन से किसानों से जुड़े दफ्तर भी यहीं ट्रांसफर किए जाएं। परिवहन विभाग का दफ्तर भी फिर से यहीं स्थापित किया जाए, ऐसा शहर के लोगों का कहना है। बड़े शहरों में ट्रांसपोर्टनगर बेहतर ढंग से विकसित किए गए हैं। मैनपुरी के ट्रांसपोर्टनगर में भी पर्याप्त जगह है, इसलिए इस जगह का सदपयोग करने के लिए प्रशासन और कारोबारियों की बैठक हो और इस बैठक में मजबूती से ट्रांसपोर्टनगर को फिर से बसाने का संकल्प लिया जाए, तभी मैनपुरी शहर के विकास में ट्रांसपोर्टनगर की भूमिका सफल हो सकेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।