बोले मैनपुरी: रामलीला मैदान में कब होगा विकास का मंचन
Mainpuri News - मैनपुरी। सार्वजनिक आयोजन के लिए पहचान रखने वाला रामलीला मैदान इलाका नगर पालिका प्रशासन से मिलने वाली सुविधाओं से वंचित है। वाली सुविधाओं से वंचित है।

सार्वजनिक आयोजन के लिए पहचान रखने वाला रामलीला मैदान इलाका नगर पालिका प्रशासन से मिलने वाली सुविधाओं से वंचित है। इस इलाके में सबसे बड़ी समस्या जलभराव की है। बारिश के दिनों में यह इलाका जलभराव से जूझता है। रास्तों से निकलना भी मुश्किल हो जाता है। हालात ऐसे होते हैं कि लोग घरों में कैद हो जाते हैं। जल निकासी के इंतजाम के लिए पालिका प्रशासन की ओर से कोई इंतजाम नहीं हुआ है। यहां प्रकाश व्यवस्था और सरकार की अन्य योजनाओं का लाभ भी लोगों को नहीं मिल रहा। हिन्दुस्तान के बोले मैनपुरी संवाद के दौरान यहां के लोगों ने अपनी समस्याएं गिनाई। कहा कि पालिका प्रशासन और सरकार यहां की समस्याओं के समाधान के लिए कतई गंभीर नहीं है।
रामलीला मैदान के इलाके में कई बड़े मोहल्ले विकास कार्यों का इंतजार कर रहे हैं। इस इलाके में साल में एक बार रामलीला होती है और यहां बड़ा मेला लगता है। इसके अलावा समय-समय पर सार्वजनिक आयोजन होते रहते हैं। यहां के लोगों के विकास के लिए पालिका प्रशासन ने प्लान बनाकर कोई काम नहीं किया। यही वजह है कि यह इलाका साल भर जलभराव की समस्या का सामना करता है।
यहां के निवासी आशुतोष, रवि, दीपक, राहुल, कृष्ण कुमार आदि का कहना है कि पालिका प्रशासन यहां जब तक जलभराव की समस्या का समाधान करने के लिए जलनिकासी का उचित इंतजाम नहीं कराएगा तब तक यह समस्या लगातार बनी रहेगी। इस वार्ड में जो सामुदायिक शौचालय बनाया गया था उस पर लोगों ने कब्जा कर लिया है।
एक और नए सार्वजनिक शौचालय की यहां आवश्यकता महसूस की जा रही है। यहां के लोगों का कहना है कि जो स्ट्रीट लाइटें एक दो स्थान पर लगी है वह पूरी तरह से अपेक्षित नहीं है। यहां गलियों में शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। कई बार आपराधिक घटनाएं भी इस अंधेरे के चलते हुई है। शहर का महत्वपूर्ण हिस्सा होने के बाद भी इस इलाके में 25 मार्ग ऐसे हैं जो सीसी मार्ग बनाए जाने के लिए चिन्हित किए गए हैं।
मगर अब तक काम शुरू नहीं हुआ। यहां पानी की समस्या भी बरसात के दिनों के अलावा गर्मी और सर्दी दोनों में रहती है। वाटर एटीएम की व्यवस्था इस इलाके में नहीं की गई। कच्ची कलियों का निर्माण भी पालिका प्रशासन नहीं करा रहा है। इसके अलावा गंदगी भी यहां की बड़ी समस्या है। सफाई कर्मचारियों की कमी के चलते इस इलाके में सफाई नहीं हो रही है। जिससे गर्मियों के दिनों में बीमारियां फैलती हैं।
बोले लोग
पूरे वार्ड में 50 ऐसे हैंडपंप है, जिनमें पानी नहीं आ रहा है। अगर हैंडपंपों को रीबोर करा दिया जाए तो वार्ड के लोगों को पानी की किल्लत से नहीं जूझना पड़ेगा और आसानी से पानी उपलब्ध भी हो जाएगा।
-मोहनलाल
पूरे वार्ड में एक भी जगह कूड़ादान नहीं रखा गया है। जिससे घरों का कूड़ा जगह-जगह डाला जा रहा है। इससे प्रदूषण फैल रहा है और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कूड़ेदान स्थापित कराए जाएं।
-अशोक कुमार
वार्ड के अंदर सीवर लाइन तो बिछा दी गई लेकिन वर्षों से सफाई नहीं कराई गई है। जिससे जगह-जगह गंदगी फैल रही है। नगर पालिका को टीम तैयार कर सीवर लाइन की सफाई करानी चाहिए, जिससे लोगों को राहत मिले।
-आरती
वार्ड में कई ऐसे लोग हैं जो गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। आयुष्मान कार्ड न होने वह इलाज कराने में असमर्थ है। जिला प्रशासन को यहां कैंप लगाकर लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने चाहिए, ताकि लोगों को लाभ मिले।
-सुशीला देवी
वार्ड का अधिकांश क्षेत्र ग्रामीण क्षेत्र से जुड़ा है। यहां पर जगह-जगह गंदगी फैलने से लोग बीमार पड़ रहे हैं। अधिकांश गरीब परिवार ऐसे हैं जो इलाज कराने में असमर्थ है। वार्ड में स्वास्थ्य कैंप लगाया जाए।
-सुनीता देवी
केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही पीएम आवास योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बीते दो महीने में वार्ड से 15 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्हें पीएम आवास योजना का लाभ दिलाया जाए। साथ ही लोगों अन्य योजनाएं भी बताई जाएं।
-सुलोचना देवी
वार्ड का अधिकांश क्षेत्र जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। जल निकासी की व्यवस्था नहीं है। मुख्य नाले की बारिश से पहले सफाई कराई जाए। जिससे लोगों को जलभराव की स्थिति से न जूझना पड़े।
-नेमा देवी
पूरे वार्ड में 6 सफाईकर्मी तैनात हैं। जो आधे क्षेत्र में ही सफाई कर चले जाते हैं। अधिकांश इलाके में लोगों को स्वयं ही सफाई करनी पड़ती है। सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाई जाए। इलाके में काम कराने की जरूरत है।
-आदित्य शर्मा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।