निषाद पार्टी अध्यक्ष पर उत्पीड़न के आरोप की पोस्ट लिखकर पूर्व युवा सचिव ने की खुदकुशी
Maharajganj News - महराजगंज के नरकटहा गांव में निषाद पार्टी के पूर्व पदाधिकारी धर्मात्मा निषाद ने फेसबुक पर लंबी पोस्ट के बाद आत्महत्या कर ली। उन्होंने पार्टी के नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए। घटना के बाद परिजनों और...
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। महराजगंज के पनियरा क्षेत्र के नरकटहा गांव में रविवार को निषाद पार्टी के एक पूर्व पदाधिकारी धर्मात्मा निषाद ने फेसबुक पर लंबी पोस्ट करने के बाद खुदकुशी कर ली। उसका शव उसके घर में फंदे से लटकता मिला। उसने फेसबुक पर पार्टी के बड़े नेताओं पर गंभीर आरोप मढ़े हैं। इस घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। मृतक के परिजन व अन्य लोगों ने इस मामले में केस दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को रोक लिया। पिपराइच क्षेत्र के सपा नेता अमरेन्द्र निषाद व मृतक के भाई अन्य लोगों के साथ अकटहवा-नरकटहा मार्ग पर स्थित मृतक के घर के सामने धरने पर बैठ गए। पुलिस लोगों को समझाने में जुटी रही, लेकिन लोगों का कहना है कि पहले आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। इस मामले में पार्टी का पक्ष आने के बाद प्रकाशित किया जाएगा।
नरकटहा निवासी 29 वर्षीय युवा नेता धर्मात्मा निषाद का शव उसके घर में फंदे से लटकता मिला। मृतक ने आत्महत्या से पहले फेसबुक पर एक लंबी पोस्ट लिखी। बताया जा रहा है कि धर्मात्मा निषाद पिछले दस वर्षों से पार्टी में सक्रिय थे। विभिन्न पदों पर कार्यरत रहे। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि समाज के शोषित और वंचित वर्ग की मदद करने के कारण उनके कई राजनैतिक और सामाजिक दुश्मन बन गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के एक बड़े जनप्रतिनिधि और उनके बेटे उनकी बढ़ती लोकप्रियता से परेशान होकर उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा। पोस्ट में लिखा कि उन्हें कई फर्जी मुकदमों का सामना करना पड़ा और जेल भी जाना पड़ा। लगभग 40-50 जिलों में पार्टी का संगठनात्मक कार्य भी संभाले रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पनियरा के प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। मृतक के बड़े भाई परमात्मा निषाद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़ गए। मृतक की पत्नी अंजली, दो भाई और तीन बहनें हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।