वन क्षेत्र में हंगामा के बाद धार्मिक स्थल हटाया
Maharajganj News - सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के चौक रेंज में 27 नर्सरी के जंगल में बने अवैध धार्मिक स्थल को एक हिन्दूवादी संगठन ने हटा दिया। संगठन ने आरोप लगाया कि करीब 30 एकड़ भूमि पर अवैध कब्जा कर झाड़-फूंक का कारोबार...

चौक बाजार, हिन्दुस्तान संवाद। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के चौक रेंज के जंगल के 27 नर्सरी में अवैध अतिक्रमण कर बनाए गए धर्म स्थल को एक हिन्दूवादी संगठन ने हंगामा के बाद हटा दिया। हंगामा देख झाड़फूंक करने वाले भाग गए। घटना की सूचना पर मौके पर वन कर्मी भी पहुंच गए।
हिन्दूवादी संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि वन क्षेत्र में करीब 30 एकड़ भूमि पर अवैध कब्जा कर धार्मिक स्थल बनाया जा रहा था। कार्यकर्ताओं का कहना है कि इसके माध्यम से झाड़-फूंक का कारोबार नेपाल तक फैला हुआ है और ग्रामीणों को अंधविश्वास के जाल में फंसाया जा रहा है। संगठन के प्रांत सुरक्षा प्रमुख ने बताया कि जंगल क्षेत्र की भूमि पर अवैध निर्माण और अंधविश्वास फैलाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद संगठन ने यह कार्रवाई की।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। दक्षिणी चौक के वन क्षेत्राधिकारी ऋषभ नायक ने बताया कि मौके पर झाड़-फूंक करते हुए कोई व्यक्ति नहीं मिला।
उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2024 में भी ऐसे अतिक्रमणकारियों को जंगल से हटाया गया था। क्षेत्राधिकारी ने कहा कि झाड़-फूंक के मामलों में अधिकतर महिलाएं शामिल होती हैं, जिससे उन्हें हटाने में कठिनाई आती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।