कानपुर 44.8 पर तपा, प्रयागराज दूसरा सबसे गर्म शहर
Lucknow News - उत्तर प्रदेश के कई शहरों में गर्मी का प्रकोप जारी है। कानपुर में तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि प्रयागराज में यह 44.6 डिग्री रहा। चार जिलों में हीट वेव की स्थिति है। अगले 24 घंटों में...

चिलचिलाती धूप और गर्म हवा के थपेड़ों ने सूबे के अधिसंख्य शहरों को तपाया। कानपुर सबसे गर्म रहा जहां पारा 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, 44.6 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ प्रयागराज में दूसरे नम्बर पर सर्वाधिक गर्मी पड़ी। सूबे के चार जिले हीट वेव की स्थिति तक पहुंच चुके हैं। शनिवार को भी इन शहरों में तापमान 44 डिग्री या इससे अधिक हो सकता है। ऐसे में लू चलने की आशंका बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार लू की स्थिति तब होती है जब तापमान 40 डिग्री से अधिक हो। सामान्य से इसका विचलन 4.5 डिग्री ज्यादा हो। यह स्थिति लगातार दूसरे दिन बनी रहे। इसके अलावा यदि तापमान 45 डिग्री या उससे अधिक हो जाए तो हीट वेव माना जाता है। शुक्रवार को सुलतानपुर में तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हमीरपुर में 44.2 डिग्री रहा।
अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार अगले 24 घंटे गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। शुक्रवार को 26 जिलों में तापमान 40 डिग्री या इससे अधिक रहा। 24 जिले 42 डिग्री या इससे अधिक तापमान की वजह से तपे हैं। लखनऊ में भी अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सीजन का सबसे गर्म दिन साबित हुआ। लखनऊ के अलावा बलिया, चुर्क, बाराबंकी, गाजीपुर में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।