तिलक समारोह में चली गोली, लड़की के चचेरे भाई को लगी
Lucknow News - बिजनौर के अनूप खेड़ा गांव में तिलक समारोह के दौरान कई राउंड हवाई फायरिंग की गई, जिसमें अमित यादव के बाएं कंधे पर गोली लगी। उन्हें गंभीर हालत में लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायरिंग लड़की...

बिजनौर इलाके के अनूप खेड़ा गांव में तिलक समारोह के दौरान ताबड़तोड़ कई राउंड हवाई फायरिंग की गई। इस बीच गोली तिलक चढ़ाने आए लड़की के चचेरे भाई अमित यादव के बाएं कंधे पर लगी। अमित को गंभीर हालत में लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अमित यादव चुन्नू खेड़ा से पूर्व पार्षद प्रत्याशी भी रहे हैं। अमित यादव पारा के चुन्नू खेड़ा के रहने वाले हैं। वह चाचा रामेश्वर, परिवारीजन और रिश्तेदारों के साथ चचेरी बहन का तिलक चढ़ाने के लिए अनूपखेड़ा गांव में गए थे। राजकुमार के बेटे आकाश का तिलक था। तिलक समारोह के दौरान किसी ने ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग की। इस बीच एक गोली अमित यादव के बाएं कंधे में लग गई। अमित खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़े। आनन फानन उन्हें पर घरवाले लोकबंधु अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां हालत नाजुक देख उसे भर्ती कर लिया गया। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर बिजनौर, एसीपी कृष्णानगर विकास कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे। विकास पांडेय ने बताया कि अमित खतरे से बाहर है। गोली कंधे से आर पार हो गई थी। फायरिंग करने वाले की तलाश की जा रही है। वीडियोग्राफी देखी जा रही है। आरोपित के बारे में पता किया जा रहा है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि फायरिंग लड़की पक्ष से ही की गई थी। इस संबंध में अभी किसी ने तहरीर नहीं दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।