जेम, जनधन, आधार देश की ताकत- कीर्ति वर्धन सिंह
Lucknow News - लखनऊ में 15वें रोजगार मेले के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने 250 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर में 51 हजार युवाओं को नियुक्ति...

15वां रोजगार मेला: लखनऊ में केन्द्रीय राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने 250 युवाओं में बांटे नियुक्ति पत्र लखनऊ। प्रमुख संवाददाता
केन्द्रीय केंद्रीय विदेश, वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि जेम, जनधन, आधार और मोबाइल देश की ताकत है। इसका गुणगान आज विदेश में भी हो रहा है। जेम त्रिवेणी के माध्यम से सरकारी योजनाओं और तकनीक का लाभ देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। इससे भ्रष्टाचार में कमी आई है और पारदर्शिता बढ़ी है। इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में 15वें रोजगार मेले के तहत केन्द्रीय राज्य मंत्री ने 250 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। पीएम नरेन्द्र मोदी ने इसके पूर्व वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 47 स्थानों पर हुए कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। कुल 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे।
केन्द्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की सेवा करने का एक सुनहरा अवसर है। उन्होंने कहा कि देश के 140 करोड़ नागरिकों को केंद्र में रखकर सेवा-भाव से कार्य करना हम सबका दायित्व है। अपने संबोधन में मंत्री ने भारत के युवाओं की उपलब्धियों पर बताया। कहा कि तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भारतीय युवाओं ने विश्व स्तर पर एक नई पहचान बनाई है। विश्व में सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की चर्चा हर मंच पर होती है। वित्तीय क्षेत्र में सुधारों पर उन्होंने कहा कि आयकर और जीएसटी जैसे कदम देश की विकास यात्रा की रीढ़ की हड्डी हैं। हमारा संकल्प है कि देश के अंतिम व्यक्ति को भी मुख्यधारा से जोड़ा जाए। कार्यक्रम में विभिन्न मंत्रालयों व विभागों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। नियुक्ति पाने वाले युवा केंद्र सरकार के राजस्व विभाग, गृह, डाक विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, रेल, श्रम एवं रोजगार और अन्य विभागों में कार्यभार संभालेंगे। कार्यक्रम में प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त विवेक मिश्र, मुख्य आयकर आयुक्त रीमा होता सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।