घर के बाहर खेल रही किशोरियों से दुष्कर्म,किशोर धरा गया
Lucknow News - बीकेटी में एक 14 वर्षीय लड़के पर 6 वर्षीय मासूम और उसकी 9 वर्षीय सहेली के साथ दुराचार का आरोप लगाया गया। घटना के बाद मां ने पुलिस में शिकायत की, लेकिन पहले पुलिस ने समझौता कराया। बाद में उच्च...

बीकेटी, संवाददाता। बीकेटी स्थित एक गांव में मासूम और उसकी सहेली के साथ 14 वर्षीय किशोर ने दुराचार किया। विरोध करने पर धमकी दी। यह आरोप लगाते हुए मासूम की मां ने बीकेटी कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय समझौता करा दिया। जिस पर मासूम की मां ने उच्च अधिकारियों से शिकायत की। जानकारी मिलने पर अधिकारियों के निर्देश पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित किशोर के खिलाफ जुवेनाइल एक्ट के तहत कार्रवाई की।
बहाने से अपने मकान में ले गया
छह वर्षीय मासूम की मां के मुताबिक 11 अप्रैल को बेटी नौ वर्षीय सहेली के साथ घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान रिश्तेदार का 14 वर्षीय बेटा आ गया। मासूम और उसकी सहेली को बहला कर आरोपित अपने नए मकान में लेकर गया। जहां दोनों के साथ दुराचार किया। वारदात को अंजाम देने के बाद किशोरियों को धमकी देते हुए आरोपी भाग गया। रोते हुए घर लौटी बेटी ने मां को रिश्तेदार की करतूत के बारे में बताया। इसके बाद परिवार वाले तहरीर लेकर बीकेटी कोतवाली गए थे। मां ने आरोप लगाया कि आरोपित किशोर के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय समझौता कराया था।
किशोर को पुलिस ने पकड़ा...
एडीसीपी उत्तरी जितेंद्र दुबे के मुताबिक किशोरी की मां ने शिकायत की थी। जिसके आधार पर किशोर से बाल कल्याण अधिकारी के समक्ष पूछताछ की गई। आरोपित के खिलाफ महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर उसे पकड़ा गया है। वहीं, जांच में किशोरी की मां और आरोपित के परिवार के मध्य पूर्व से विवाद चल रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।