557 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में, जीवन पर साथ निभाने का संकल्प
Lakhimpur-khiri News - लखीमपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 557 जोड़ो का विवाह हुआ। समारोह में मंत्रोच्चार के बीच 540 हिंदू और 17 मुस्लिम जोड़ों ने विवाह के संस्कार किए। आयोजन में वर व वधू पक्ष के लोगों ने भाग...

लखीमपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत रविवार को शहर के जीआईसी मैदान पर आयोजन किया गया। वर व वधू पक्ष के लोग सुबह से ही आयोजन स्कूल पर पहुंचने लगे। दोपहर 11 बजे से मंत्रोच्चार के बीच शादी की रस्में शुरू हो गईं। गायत्री परिवार के परिव्राजकों ने मंत्रोच्चार के बीचार के बीच रस्में पूरी कराई। सदर विधायक योगेश वर्मा, विनोद शंकर अवस्थी डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शर्मा, सीडीओ अभिषेक कुमार ने नवविवाहित जोड़ों को उपहार देकर उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की। एक ही मंडप में 557 जोड़ों का विवाह हुआ। इसमें 540 जोड़ों ने मंत्रोच्चार के बीच अग्नि के सात फेरे लेकर जीवन पर साथ निभाने का संकल्प लिया। वहीं 17 मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया।
जीआईसी मैदान पर एक दिन पहले से ही तैयारियां चल रही थी। रविवार की सुबह से ही वर व वधू पक्ष के लोग आयोजन स्थल पर पहुंचने लगे। सभी को निर्धारित स्थानों पर बिठाया गया। गायत्री परिवार की टोलियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शादी की रस्में पूरी कराईं। वहीं आयोजन स्थल पर लगाए गए पाण्डाल में मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. ईरा श्रीवास्तव, ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता, दिव्या सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी तेजस्वी मिश्रा ने जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ नवविवाहित जोड़ों को उपहार सामग्री दी। आयोजन में ब्लॉक लखीमपुर, फूलबेहड़, ईसानगर, नकहा, धौरहरा और नगर पालिका लखीमपुर, खीरी टाउन व ओयल के जोड़ों का निकाह हुआ।
खाना के काउंटरों पर उमड़ी भीड़
सामूहिक विवाह समारोह में वर व वधू पक्ष से आए लोगों के खाने की भी व्यवस्था की गई। शादी की रस्में पूरी होने के बाद खाना के काउंटरों से खाना वितरण शुरू हो गया। खाना लेने के लिए काउंटरों पर भीड़ उमड़ी। आयोजकों ने किसी तरह से संभाला। खाना मिलते ही वहीं पर जमीन पर बैठकर लोगों ने खाना खाया इसके बाद विदा हुए।
कोई कार सजाकर लाया तो कोई बाइक से ले गया दुल्हनिया
विवाह की रस्में पूरी होने के बाद विदाई का समय आया तो वर पक्ष ने बहु की विदाई की पहले से ही तैयारी कर ली थी। दुल्हन को विदा कराने के लिए कोई कार सजाकर लाया था तो कोई बाइक पर ही बिठाकर दुल्हन को अपने साथ ले गया। आयोजन स्थल पर कारें सजी हुई पहुंची।
कतारों में लगकर दूल्हा-दुल्हन ने ली उपहार सामग्री
अतिथियों ने कुछ जोड़ों को उपहार सामग्री बांटी। इसके बाद काउंटरों से वितरण शुरू हुआ। वर व वधू दोनों उपहार सामग्री प्राप्त करने के लिए काउंटरों पर कतारों में लगे रहे। अपनी बारी आने पर सामग्री प्राप्त की और वहां से विदा हो गए।
पानी लेने गई महिला का बच्चा छूटा
आयोजन स्थल पर हजारों की भीड़ उमड़ी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद खाना के काउंटरो और पानी के लिए भीड़ लग गई। पानी लेने गई एक महिला का तीन साल का बच्चा खो गया। काफी देर तक मंच से एनाउंस होता रहा। इसके बाद बच्चे को ढूंढते हुए महिला मंच के पास पहुंची तो उसे बच्चा मिला।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।