हाइवे पर भीषण जाम, डीएम ने टोल कराया फ्री
Kausambi News - महाकुम्भ में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है, जिससे संगम जाने वाले मार्ग पर भीषण जाम लग गया। डीएम और एसपी ने स्थिति को संभालने के लिए टोल प्लाजा को फ्री करने का निर्णय लिया, जिससे वाहनों का आवागमन सुगम...

महाकुम्भ पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं में होड़ लगी है। लोग वाहनों से परिवार समेत संगम पहुंचने के लिए परेशान हैं। शुक्रवार की भोर से ही अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया था। शनिवार सुबह सात किमी का जाम लग गया। जानकारी होते ही डीएम एसपी के साथ टोल प्लाजा पहुंचे। डीएम ने टोल को फ्री कराया, इसके बाद पुलिस कर्मियों ने मोर्चा संभालकर वाहनों को निकालना शुरू किया। इसके बाद स्थिति में सुधार हुआ। महाकुम्भ में संगम स्नान के लिए श्रद्धालु देश के कोने-कोने से आ रहे हैं। रात-दिन हाइवे पर वाहनों का आवागमन चल रहा है। संगम जाने के लिए श्रद्धालुओं का रेला उमड़ा है। माघी पूर्णिमा के बाद महाकुम्भ मेला खत्म होने की अधिकारी उम्मीद लगाकर बैठे थे, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। महाकुम्भ के प्रति लोगों की आस्था व श्रद्धा ऐसी है कि लोग अभी भी खींचे चले आ रहे हैं। महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, केरल, कर्नाटक, हरियाणा, पंजाब, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड समेत लगभग सभी प्रदेशों से लोग अभी भी आ रहे हैं। शुक्रवार की भोर में अचानक भीड़ आ गई। टोल प्लाजा पर शुल्क लगने की वजह से वाहन बारी-बारी से निकल रहे थे। इसको लेकर टोल पर दोनों ओर से वाहनों का लंबा काफिला खड़ा हो गया। जानकारी होते ही एएसपी राजेश सिंह सक्रिय हुए। इंस्पेक्टर व पुलिस कर्मियों को लगाया गया। एएसपी ने इसकी जानकारी डीएम मधुसूदन हुल्गी व एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव को दी। साथ ही बताया कि टोल प्लाजा पर शुल्क लगने की वजह से वाहन खड़े हो गए हैं। स्थिति गंभीर हो रही है। डीएम एसपी के साथ टोल प्लाजा पहुंचे। वहां की स्थिति भांपने के बाद डीएम ने फैसला लिया कि टोल फ्री किया जाए। इसके बाद डीएम ने टोल को फ्री करने का निर्देश जारी किया। टोल फ्री होने के बाद वाहन तेजी से निकलने लगे। वाहनों का संचालन शुरू होने पर अफसरों ने राहत की सांस ली।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।