बंधक बनाकर महिला से गैंगरेप व फिरौती मांगने में आठ के खिलाफ मुकदमा
Kausambi News - एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म और उसके पति से दो लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में सरायअकिल पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि महिला को उसके सगे मामा और अन्य ने बंधक बना...
बंधक बनाकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म और उसके पति से दो लाख रुपया फिरौती मांगे जाने के एक मामले में बुधवार को सरायअकिल पुलिस ने अदालत के आदेश पर आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि इससे पहले तहरीर देने के बाद भी पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं की गई थी। सरायअकिल इलाके के एक व्यक्ति ने बताया कि वह मुंबई में रहकर मजदूरी करता था। 22 फरवरी 2023 को उसकी पत्नी घर से अकेले मुंबई के लिए निकली थी। आरोप है कि रास्ते में बसुहार निवासी सगे मामा शीतला प्रसाद, सूरज, पुष्पा देवी व संभल जिले के गिन्नौर थाना क्षेत्र के गोठना गांव निवासी राम निवास, श्रीपाल, पुष्पा देवी, संजय तथा प्रयागराज झलवा निवासी रितेश ने पत्नी को बंधक बना लिया था। बंधक बनाने के बाद अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर साथ रही महिलाओं की मदद से आरोपी पुरुषों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया था। पत्नी के कई दिनों तक मुंबई नहीं पहुंचने पर पति ने खोजबीन शुरू की। इसी दौरान अनजान मोबाइल नंबर से फोन कर दो लाख की फिरौती मांगी गई। तब पीड़ित पति को पता चला कि मामा शीतला प्रसाद, मामी पुष्पा देवी व उनके बेटे सूरज ने पांच अन्य लोगों के साथ बंधक बनाकर उसकी पत्नी के साथ गैंगरेप किया है। पीड़ित का कहना है कि नामजद तहरीर के बाद भी पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की थी। जबकि, पत्नी घटना के छह माह बाद किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर घर पहुंच सकी थी। इस संबंध में सरायअकिल इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह का कहना है कि घटना उनके कार्यकाल की नहीं है। कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।