चढ़ाव में नकली जेवर देख दुल्हन का इंकार, बिन दुल्हन लौटी बारात
Kannauj News - कन्नौज के एक गांव में शादी समारोह के दौरान चढ़ाव की रस्म के दौरान दुल्हन को नकली जेवर मिले। दुल्हन ने ससुराल जाने से इनकार कर दिया, जिससे बारात में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, लेकिन...

कन्नौज। सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कटरी क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह के दौरान चढ़ाव की रस्म के दौरान नकली जेवर देख दुल्हन भड़क गई और ससुराल जाने से इनकार कर दिया। मामले को निपटाने के लिए घंटों तक पंचायत चली अंत में बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। दरअसल पूरा मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है जहां शुक्रवार की देर शाम एक बारात आई थी। जिसमें खुशी के माहौल के बीच विवाह की रस्में निभाई जा रही थीं। वहीं चढ़ाव की रस्म के दौरान वर पक्ष की ओर से जेवर दिए गए। इसके बाद शादी की अन्य रस्में निभाई गईं। शनिवार की सुबह जब जेवर देखे गए तो वह नकली निकले। नकली जेवर की बात सुनते ही दुल्हन भड़क उठी और उसने ससुराल जाने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद बारातियों में हड़कंप मच गया। दोनो पछों में विवाद और बहस होने लगी इसी बीच लोगों ने हाजी शरीफ चौकी में सूचना कर दी। इसके बाद चौकी प्रभारी तौकीर अहमद मौके पर पहुंच गए और उन्होंने घटना की जांच पड़ताल की। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाबुझा कर मामला निपटाने का प्रयास भी किया। बावजूद इसके दुल्हन अपनी जिद पर अड़ी रही। आखिर में दोपहर बाद बारात दुल्हन के बिना ही वापस लौट गई। खबर लिखे जाने तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।