जेल में बंदी की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
Jaunpur News - मछलीशहर जिला जेल में बंद कुलदीप मौर्य की रात में मौत हो गई। परिजनों ने जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। जेल प्रशासन का कहना है कि कुलदीप की तबीयत खराब थी और उसे अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।...

मछलीशहर(जौनपुर), हिन्दुस्तान संवाद। जिला जेल में बंद एक बंदी की शुक्रवार की रात में मौत हो गई। घटना के बाद पहुंचे परिजनों ने जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। जबकि जेल प्रशासन ने दावा किया कि बंदी की तबीयत खराब चल रही थी। उसे उपचार के लिए ले जाया जा रहा था तभी रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद शनिवार को दिन में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, सीएमओ, सीडीओ ने जिला जेल का निरीक्षण किया।
मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के कायस्थाना मोहल्ला निवासी 55 वर्षीय कुलदीप मौर्य धोखाधड़ी के एक मामले में आरोपी थे। 13 अप्रैल 2025 को उन्हें मछलीशहर पुलिस ने गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया था। जेल प्रशासन के अनुसार, कुलदीप का वजन लगातार कम हो रहा था। उसके पेट में भी दर्द होने, मरोड़ और कब्ज की शिकायत थी। करीब 40 किलो से भी कम वजन हो गया था। जिला जेल के डॉक्टर उसका उपचार भी कर रहे थे। शनिवार को जिला अस्पताल में लेजाकर दिखाने के लिए औपचारिकताएं की गई थीं। इसी बीच शुक्रवार की रात में करीब ढाई बजे अचानक कुलदीप की हालत बिगड़ गई। जेल प्रशासन जिला जेल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। निरीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि बंदी की मौत बीमारी से हुई है। जैसा कि जेल प्रशासन ने मेडिकल से संबंधित कागजात भी दिखाए। नियमानुसार पोस्टमार्टम की कार्यवाही की गई। डीएम ने बताया कि पता चला कि उसका वजन 40 किलो से कम हो गया था। जब से यहां बंद था उसी समय से बीमार था।
गुरुवार को पत्नी गई थी मिलने, खाने की थी दिक्कत
मछलीशहर। कुलदीप की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी शांति ने बताया कि वह गुरुवार को जेल में मिलने गई थी। उस समय कुलदीप ने खाना नहीं खा पाने की बात बताई। बीमारी के कारण उनका वजन तेजी से कम हो रहा था। परिजनों का आरोप है कि जेल में लापरवाही के कारण उन्हें समुचित ईलाज की सुविधा नहीं मिल पाई। जिसके चलते मौत हो गई। शनिवार को नाराज बेटे जितेंद्र और उनके भाई नागेंद्र ने विपक्षी के घर पर हमला करने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया।
बेटे ने पुलिस पर लगाया पैसा मांगने का आरोप
मछलीशहर। मृतक कुलदीप के बेटे जितेंद्र कुमार ने मौके पर जुटी भीड़ के बीच चौकी इंचार्ज पर डेढ़ लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया। कहा कि चौकी इंचार्ज ने रुपये नहीं देने पर गर्मी उतारने की बात कही थी। जिस मामले में कुलदीप को गिरफ्तार किया गया उस मामले में 13 अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई। हमने उनको रुपया नहीं दिया इसलिए मेरे पिता कुलदीप को बीमारी की हालत में उठा ले गए। अंततः पुलिस ने विपक्षी के साथ साजिश रचकर इलाज नहीं कराने दिया और उनकी मौत हो गई। मृतक के तीन लड़के धर्मेंद्र, जितेंद्र, नागेंद्र और तीन लड़कियां रीना, सीता, गायत्री हैं। जिसमें तीनों लड़कियों और बड़े बेटे धर्मेंद्र की शादी हो चुकी है। जबकि दो लड़के अविवाहित हैं। बड़ा लड़का धर्मेंद्र रोजी रोटी के लिए बाहर रहता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।