Hindi NewsUttar-pradesh NewsHardoi NewsSikh Community in Hardoi Struggles for Basic Amenities Amidst Agricultural Contributions

बोले हरदोई: समाज ने दिया सरदार का दर्जा, व्यवस्था ने सिरदर्द

Hardoi News - हरदोई में सिख समाज के लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। बिजली, पानी, सड़क और अन्य सुविधाओं की कमी से ग्रामीण इलाकों में उनकी स्थिति दयनीय हो गई है। कई बार अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई गई,...

Newswrap हिन्दुस्तान, हरदोईFri, 21 Feb 2025 11:34 PM
share Share
Follow Us on
बोले हरदोई: समाज ने दिया सरदार का दर्जा, व्यवस्था ने सिरदर्द

हरदोई। आजादी में योगदान दिया, सीमा पर दुश्मनों से लोहा लेते हैं। विस्थापन की विभीषिका से जूझे... इसके बाद मेहनत की और कम समय में ही कई मुकाम भी हासिल कर लिए। अब अपने ही घर पर सुविधाओं को मोहताज हैं। यह कहना है सिख समाज के लोगों का। मिट्टी से सोना उपजाने वाले सिख कई समस्याओं से घिरे हैं। सड़क, पानी और बिजली इनके लिए आज सबसे बड़ी समस्या है। इन्होंने कई मांगों को लेकर गुहार लगाई। आबादी 20 हजार पर सुविधाओं को मोहताज। अधिकांश परिवार ग्रामीण इलाकों में रह कर खेती-बाड़ी करते हैं। शहर में रेलवेगंज स्थित पंजाबी कॉलोनी, पिहानी चुंगी के निकट गुरु अर्जन देव गुरुद्वारे के पास सिख समाज की बस्ती है। आवास विकास कॉलोनी सहित कई अन्य इलाकों में भी समाज के लोग रहते हैं। आज हालत यह है कि ये मूलभूत सुविधाओं के लिए भी तरस रहे हैं। आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान से बातचीत के दौरान सिख समाज के लोगों का दर्द उभरकर सामने आ गया। इनका कहना है कि गांव-मजरों में बिजली, पानी, सड़क और अन्य व्यवस्थाएं नहीं हैं। वहीं, शहरी इलाकों में उन्हें जरा-जरा सी चीजों के लिए जिम्मेदारों की ओर ताकना पड़ता है। बिजली-पानी, नाली और सड़क की सरकारी व्यवस्था में वे हस्तक्षेप नहीं कर सकते। कहने के बाद भी अफसर व जनप्रतिनिधि ध्यान नहीं देते।

भारतीय सिख संगठन के जिलाध्यक्ष बलकार सिंह कहते हैं कि अनंग बेहटा और कुर्रिया गांव की हद में बसी बस्तियों का पानी नगर पालिका के पिहानी चुंगी स्थित नाले में जाता है। नाला सफाई न होने से पानी बैक मारता है और मोहल्ले में जलभराव का कारण बनता है। बारिश में हालत और ज्यादा खराब हो जाती है। कई-कई दिनों तक जलनिकासी न होने से गुरुद्वारे से लेकर पिहानी चुंगी तक का इलाका तालाब बन जाता है। कुलदीप बताते हैं कि कहने को वो लोग शहर में रहते हैं पर सरकारी कागजों में यह इलाका ग्रामीण क्षेत्र में आता है। चाह कर भी उन्हें नगरीय सुविधाएं नहीं मिल पाती हैं। ग्राम पंचायतों का बजट भी कम होता है, जिस कारण उनके मोहल्ले में विकास नहीं हो पा रहा है। बिजली के पोल तो लगे हैं पर लाइटें नहीं हैं। नालियां तो बनी हैं पर संकरी हैं। पानी की निकासी जिधर होनी चाहिए उस ओर ढाल नहीं है। नालियों को जोड़ने वाले बड़े नाले नहीं हैं। इससे गुरुद्वारा और नीब करौरी मंदिर के पास सड़कों पर पानी भर जाता है।

निरंकार सिंह कहते हैं कि उनके घर के पास जब नालियों का पानी बैक मारता है तो घर का आंगन नाली के पानी से भर जाता है। गंदगी के बीच रहना पड़ता है। इनका कहना है कि नगर पालिका का सीमा विस्तार हो तो बिजली, पानी, नाली, स्ट्रीट लाइटें और अन्य समस्याओं का स्थायी समाधान हो सकता है। कई बार अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक के सामने बात रखी पर आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। रेलवे स्टेशन के पास पंजाबी कॉलोनी गुरुद्वारे के ज्ञानी कुलवंत सिंह व जोगिंदर सिंह गांधी बताते हैं कि गुरुद्वारे के आसपास सड़क काफी जर्जर पड़ी है। इसकी मरम्मत कर नए सिरे से बनाने की जरूरत है। रात में आने-जाने के लिए खंभों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएं।

आसानी से मिले कृषि योजनाओं का लाभ

गुरुप्रीत सिंह, सिमरन सिंह, कमलजीत सिंह और परविंदर सिंह ने कहा दिन-रात खेतों में रह कर फसलों की देखभाल करते हैं। अन्ना पशु 20 फीसदी तक फसल चर जाते हैं। कई ऐसी योजनाएं हैं जिनसे किसान लाभान्वित हो सकते हैं। खेती में लगने वाली लागत को कम कर सकते हैं पर जानकारी नहीं हो पाती। अधिकारियों और कर्मचारियों को चाहिए वे ब्लाक स्तर पर कंैप लगा आसानी से इन योजनाओं का लाभ दिलाएं ताकि वे भी अपनी आय बढ़ा सकें। कहा कि प्राथमिकता के आधार पर उन्हें अपनी आय बढ़ाने के लिए सरकारी मदद का लाभ मिलना चाहिए।

शिकायतें

1. पंजाबी कॉलोनी समेत कई मोहल्ले नगर पालिका सीमा में न आने से सफाई व जलनिकासी की समस्या है।

2. सड़क-नाली, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी से परेशानी होती है।

3. गुरुद्वारे के पास जलभराव और सफाई की समस्या से राहगीर व श्रद्धालु महीनों से जूझ रहे हैं।

4. कृषि उपज की सरकारी खरीद में अनियमितताएं व बिचौलिए हावी होने से लाभ नहीं मिल पाता है।

5. जिम्मेदारों की लापरवाही से किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी नहीं मिलती।

6. कृषि यंत्रों पर जीएसटी किसानों पर अतिरिक्त भार फसलों की लागत को बढ़ा रहा है।

7. जनप्रतिनिधियों की अनदेखी से समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता है।

सुझाव

1. नगर पालिका सीमा विस्तार से समस्याओं का समाधान कराया जाए।

2. सड़क-नाली और बिजली की व्यवस्था में सुधार किया जाए।

3. गुरुद्वारे और कॉलोनी के पास जलनिकासी हो। नाले बनवाएं और साफ कराए जाएं।

4. सरकारी क्रय केंद्रों की व्यवस्थाएं पारदर्शी और सुलभ हों।

5. सरकारी योजनाओं की जानकारी किसानों तक आसानी से पहुंचाई जाए।

6. कृषि यंत्रों पर जीएसटी को खत्म किया जाए।

7. जनप्रतिनिधि सक्रिय हों और समस्याओं पर ध्यान दें। धार्मिक स्थल का सुंदरीकरण कराया जाए।

बोले सिख समाज के लोग

नगर पालिका सीमा विस्तार से समस्याएं हल होंगी। बजट होगा तो कच्ची गलियां पक्की बनेंगी। -बलकार सिंह

शहरी क्षेत्र में रहकर भी ग्रामीण जैसी सुविधाएं मिलती हैं। घरों के पास शाम होते ही अंधेरा पसर जाता है। -कुलदीप सिंह

बिजली के पोल हैं पर स्ट्रीट लाइटें नहीं हैं। रात में आने जाने में मुश्किल हो रही है। -निरंकार सिंह

सड़कों की हालत खराब है। रास्ते कच्चे हैं। इनमें जलभराव और सफाई की समस्या है। -प्रदीप सिंह

खेती हमारा पेशा पर सरकारी खरीद में प्राथमिकता नहीं मिलती। बिचौलियों पर अंकुश लगे। -रजविंदर सिंह

सरकारी योजनाओं के बारे में पंजाबी कॉलोनी में जाकर बताया जाए। छह माह में एक बार बैठक हो। -जसवंत सिंह

कृषि यंत्रों पर जीएसटी किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालता है। सब्सिडी पर कृषि यंत्र दिलाएं। -गुरुप्रीत सिंह

प्रधानमंत्री और आयुष्मान कार्ड योजना में सिख समाज को प्राथमिकता से पात्र माना जाए। -सिमरन सिंह

गुरुद्वारे के पास जलभराव से सड़कें तालाब बन जाती हैं। दोनों तरफ नाले बनवाए जाएं। -हरमीत सिंह

सरकारी क्रय केंद्रों की अव्यवस्थाओं से किसानों को परेशानी होती है। हेल्प डेस्क बनाई जाए। -कमलजीत सिंह

सांसद और विधायक को सिख समाज के लिए विशेष तौर पर जनता दरबार लगाना चाहिए। -परविंदर सिंह

साफ-सफाई, जल निकासी और बिजली की उचित व्यवस्था हो। सिख बस्तियों में भी सफाई हो। -दिलीप सिंह

बोले जिम्मेदार

शहर के आसपास की बस्तियों को नगर पालिका की सीमा में शामिल कराने के लिए प्रयास करेंगे। डीपीआरओ से कहकर तत्कालिक तौर पर पंजाबी कॉलोनी, गुरुद्वारा के आसपास सफाई व्यवस्था बेहतर कराई जाएगी। स्ट्रीट लाइटें लगवाने का भी प्रयास करेंगे। - जय प्रकाश रावत, सांसद भाजपा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें