भाई को उठा ले गई पुलिस, दूल्हे को रोता देख दुल्हन ने संभाला मोर्चा, पहुंची थाने फिर..
यूपी के हमीरपुर में शादी के दौरान हुए विवाद के बाद दूल्हे के भाई को पुलिस उठा ले गई। भाई के उठाए जाने पर दूल्हा रोने लगा। दूल्हे को रोता देख दुल्हन ने खुद ही मोर्चा संभाल लिया। दुल्हन थाने पहुंच गई।
यूपी के हमीरपुर में वैवाहिक कार्यक्रम में हुए झगड़े के बाद दुल्हन के जेठ को पुलिस कोतवाली उठा ले गई। इससे वैवाहिक कार्यक्रम जहां के तहां रुक गए। भाई के पकड़े जाने की वजह से दूल्हा रोने लगा। दूल्हे को रोता देख कर दुल्हन ने खुद ही मोर्चा संभाल लिया। सवेरे दुल्हन मंडप छोड़कर जेठ की रिहाई को लेकर थाने पहुंच गई। दुल्हन ने पुलिस से जेठ को छोड़ने की गुहार लगाई। दुल्हन ने पुलिस से कहा कि जेठ छोड़ दिया जाए ताकि उसकी शादी संपन्न हो सके।
बांदा शहर के ज्योति नगर से शनिवार की रात कस्बे के गेस्ट हाउस में साजन तालाब निवासी भोला निषाद की पुत्री की बारात आई थी। रात में कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुल्हन के जेठ को उठाकर कोतवाली ले गई। इसकी वजह से वैवाहिक कार्यक्रम जहां के तहां रुक गए। सवेरे भी शादी वाले घर में खुशियों की जगह दुल्हन के जेठ को पकड़े जाने की वजह से खामोशी छाई हुई थी। इसके चलते दुल्हन की विदाई अटक गई थी। लिहाजा दुल्हन ने खुद ही मोर्चा संभाला और जेठ की रिहाई को लेकर हाथों में मेहंदी और पीले वस्त्र पहने दुल्हन नाते-रिश्तेदारों संग कोतवाली पहुंच गई।

दुल्हन का कहना था कि बारात में छेड़खानी का विरोध करने पर झगड़ा हुआ था। जिन्होंने शरारत की थी पुलिस ने उन्हें नहीं पकड़ा और उसके जेठ को पकड़ लाई। जिसकी वजह से उसका होने वाला पति रो रहा है। विदाई नहीं हो रही है।