43 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचा पारा, आज से राहत देंगे बादल
Gorakhpur News - पूर्वी यूपी में गर्मी का सितम जारी है, जहाँ शनिवार को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुँच गया। मौसम विभाग के अनुसार, मौसम शुष्क हो गया है और नमी में कमी आई है। दिन और रात के तापमान में 21.5 डिग्री...

गोरखपुर। वरिष्ठ संवाददाता। पूर्वी यूपी में गर्मी का सितम जारी है। प्रचंड गर्मी पड़ रही है। लगातार दिन का पारा ऊपर चढ़ रहा है। दोपहर में तेज धूप बदन झुलसा रही हैं। शनिवार को दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। यह सीजन का सबसे गर्म दिन है। शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क हो गया है। हवा से नमी कम हो गई है। न्यूनतम आद्रता 14 फीसदी पर आ गई है। यही वजह है कि गर्मी का सितम बढ़ता जा रहा है। तप रही धरती से टकराकर हवा भी गर्म हो गई है। पिछले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2.7 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है।
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा। दिन चढ़ने के साथ सूरज और भी लाल हुआ। मौसम शुष्क रहा। हवा से नमी गायब रही। जिसके कारण पूर्वी यूपी में हीट वेव चला। हवा की रफ्तार 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक रही। ज्यादातर हवा उत्तर-पूर्व या पूर्व दिशा से चली। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को दिन का तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान हीट इंडेक्स 50 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। इसकी वजह रही अधिकतम आद्रता में मामूली इजाफा। शनिवार को अधिकतम आद्रता 53 फीसदी रही।
दिन की गर्मी से राहत दे रही है रात
दूसरी तरफ सूरज ढलने के बाद तापमान तेजी से नीचे गिर रहा है। एक तरफ दिन में जहां सामान्य से अधिक तापमान रह रहा है। वहीं रात में तापमान सामान्य से कम हो जा रहा है। शनिवार को रात का न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस कम है। दिन और रात के तापमान में 21.5 डिग्री सेल्सियस का अंतर बना हुआ है। इस सीजन में यह सबसे ज्यादा अंतर है।
आज से राहत देंगे बादल
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी यूपी में रविवार से पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता शुरू हो जाएगी। इसका असर दिखेगा। बादलों की एंट्री आसमान में होगी। अगले पांच दिनों तक पूर्वी यूपी के आसमान में बादल छाए रहेंगे। हवा में नमी बढ़ेगी। गरज चमक के साथ छीटे पड़ सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।