Hindi NewsUttar-pradesh NewsGorakhpur NewsGorakhpur s Nehru Park to Undergo Major Renovation with 26 81 Crore Funding

असर बोले गोरखपुर: 26.81 करोड़ रुपये से संवरेगा नेहरू पार्क

Gorakhpur News - गोरखपुर। मुख्य संवाददाता लालडिग्गी स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू पार्क अब नए

Newswrap हिन्दुस्तान, गोरखपुरThu, 27 March 2025 10:13 AM
share Share
Follow Us on
असर बोले गोरखपुर: 26.81 करोड़ रुपये से संवरेगा नेहरू पार्क

गोरखपुर। मुख्य संवाददाता

लालडिग्गी स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू पार्क अब नए कलेवर में नजर आएगा। 26 करोड़ 80 लाख 59 हजार रुपये से इसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त कर भव्य स्वरूप में सजाया जाएगा। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत इस योजना को प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति के साथ पहली किस्त 09 करोड़ 38 लाख 20 हजार रुपये भी जारी हो गए हैं। इस पार्क को पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने वाले स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान ने ,‘बोले गोरखपुर के 16 फरवरी के अंक में ‘स्वच्छ पानी, सीवर और पक्की सड़क चाहिए शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इस खबर में स्थानीय नागरिकों ने पंडित जवाहर लाल नेहरू की स्मृतियों को सहेजे नेहरू पार्क, वसंत सराय, मोती जेल को विरासत बताते हुए उसके संरक्षण एवं पर्यटन विकास की मांग उठाई थी। वसंत सराय को संरक्षित स्थल घोषित करने की प्रक्रिया पहले ही शुरू है। लालडिग्गी पार्क के सौंदर्यीकरण की स्वीकृति के साथ शासनादेश जारी होने पर हर्ष की लहर है।

प्रकृति से जुड़ेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं : पार्क को पर्यावरण और प्रकृति से जोड़ने के लिए कई खास इंतजाम किए जा रहे हैं। इसमें मध्य भ्रमण पथ, चंद्राकार भ्रमण पथ, कक्षीय भ्रमण पथ और चंद्र पथ बनाए जाएंगे। साथ ही, पार्क के मध्य तीन मीटर गहरी झील विकसित की जाएगी, जिसमें ‘कुर्म द्वीप तैयार होगा। इस द्वीप पर कछुआ की दुर्लभ प्रजातियों का संरक्षण होगा।

मनोरंजन और आराम का अद्भुत संगम

पर्यटकों के लिए पार्क में फूडकोर्ट, ओपन एयर थियेटर, बाल वाटिका और संगीत फव्वारे जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा लेजर-शो का भी आयोजन होगा, जो पर्यटकों के अनुभव को और यादगार बनाएगा। पुस्तकालय के निर्माण से यह स्थान शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी केंद्र बनेगा।

ऐतिहासिक स्मारक और भव्य प्रवेश द्वार

पार्क में पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ अमर शहीद राम प्रसाद बिस्मिल का स्मारक भी बनाया जाएगा। प्रवेश द्वार को भव्य रूप में सजाया जाएगा जो इस पार्क को एक नई पहचान देगा। पार्क में टिकट और अन्य सुविधाओं से आय अर्जित कर गोरखपुर नगर निगम अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा। यह परियोजना न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देगी बल्कि पर्यटन को बढ़ाकर शहर की अर्थव्यवस्था को भी गति देगी।

- 26.81 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिली

- 9.38 करोड़ रुपये की पहली किस्त वित्त वर्ष 2024-25 में अवमुक्त

- ‘हिन्दुस्तान ने बोले गोरखपुर के तहत इस पार्क की हालत पर प्रकाशित की थी खबर

- स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत पीपीपी मोड पर निर्माण एवं संचालन

नेहरू पार्क को विकसित करने की यह परियोजना न केवल शहरवासियों के लिए गर्व का विषय बनेगी, बल्कि देश भर के पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र भी होगी। पीपीपी मोड पर निर्माण एवं संचालन किया जाएगा। इसके लिए जल्द फर्म चयन की प्रक्रिया शुरू होगी।

- संजय चौहान, मुख्य अभियंता, नगर निगम

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें