Hindi NewsUttar-pradesh NewsGauriganj NewsMahashivratri Celebration Rituals Cleanliness and Community Gatherings in Amethi

महाशिवरात्रि आज, भक्त करेंगे भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक

Gauriganj News - अमेठी में महाशिवरात्रि के पर्व को लेकर सभी शिव मंदिरों की साफ-सफाई और रंग रोगन किया गया। भक्तों ने जलाभिषेक करने के लिए मंदिरों में जुटना शुरू कर दिया है। आनंद नगर में 108 रुद्राभिषेक का आयोजन किया...

Newswrap हिन्दुस्तान, गौरीगंजTue, 25 Feb 2025 06:58 PM
share Share
Follow Us on
महाशिवरात्रि आज, भक्त करेंगे भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक

अमेठी। संवाददाता महाशिवरात्रि के पर्व को लेकर जिले के सभी शिव मंदिरों पर एक दिन पूर्व साफ सफाई और रंग रोगन कराया गया। बुधवार को सुबह से ही शिव भक्त भोलेनाथ को जलाभिषेक करने के लिए मंदिरों पर जुटेंगे। आनंद नगर में एक साथ 108 रुद्राभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। वहीं कई स्थानों पर भंडारे का भी आयोजन होगा।

ताला स्थित मुकुटनाथ धाम, झारखंड बाबा धाम, दूधनाथ शाहगढ़, दंडेश्वर धाम, शिव मंदिर मुंशीगंज व अन्य प्रमुख शिव मंदिरों पर शिवरात्रि पर्व को लेकर मंदिर कमेटी द्वारा साफ सफाई कराई गई। नगर पालिका गौरीगंज द्वारा क्षेत्र के मंदिरों व देव स्थलों की सफाई कराकर चूने का छिड़काव किया गया। बुधवार को सुबह से ही भक्तगण भगवान शिव को जलाभिषेक शुरू कर देंगे। गौरीगंज के झारखंड धाम में श्री रामचरितमानस पाठ का आयोजन किया गया है। विभिन्न भक्तों द्वारा अपने आवास पर रुद्राभिषेक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए हैं। शिव मंदिर मुंशीगंज पर श्री राम चरित मानस पाठ का आयोजन किया गया है। इसके साथ ही श्री जगन्नाथ के विद्यापीठ आनंद नगर में एक साथ 108 रुद्राभिषेक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इस कार्यक्रम में जिले के साथ ही अन्य जनपदों के लोग भी हिस्सा लेंगे।

मुक्ति प्रदान करने वाला है शिवरात्रि व्रत

डॉ. विनय व्यास ने बताया कि भगवान शिव की गणना पंच प्रमुख देवों में की जाती है। शिव के देवाधिदेव, महादेव, आशुतोष, नीलकंठ, शंकर, रुद्र आदि अनेक नाम हैं। भगवान शिव के अनेक व्रतों में शिवरात्रि व्रत का विशेष महत्व है। ऐसा माना जाता है कि इसी दिन भगवान शिव का माता पार्वती के साथ विवाह हुआ था। डा. व्यास ने बताया कि शिवरात्रि पर भगवान शिव को जलाभिषेक कर बेल पत्र, अक्षत, बेर, धतूर, गन्ना, फूल अर्पित करना चाहिए।

फल की दुकानों पर लगी रही भीड़

बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाशिवरात्रि पर व्रत उपवास रखते हैं। जिसे लेकर मंगलवार को फल की दुकानों पर भीड़ लगी रही। लोगों ने केला, सेव, अंगूर आदि फलों की खरीदारी की। वहीं मूंगफली, धूप, अगरबत्ती भी खूब बिकी।

रेक्ष गांव में निकली शिव बारात

शुकुल बाजार संवाद के अनुसार गोमती नदी के तट पर बसे रेक्ष गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर का जीर्णोद्धार दलबहादुर सिंह व समर बहादुर सिंह द्वारा कराया गया है। मंगलवार को शिव परिवार की बारात धूमधाम से निकाली गई। जो गोमती नदी पर काकोरी दास बाबा, संतोषी माता मंदिर, शिवाला, पूरे बाबा बजरंग मंदिर से होते हुए वापस शिवमंदिर पहुंची। जहां गोंडा से आए आचार्य ने विधि विधान से प्राण प्रतिष्ठा कराया। इस दौरान प्रधान संघ अध्यक्ष सतीश मिश्रा, नीरज त्रिपाठी, रवींद्र सिंह, अजय सिंह, राजीव पाण्डेय, अंकित सिंह, दिनेश सिंह, महेश दुबे, संतोष पांडे आदि मौजूद रहे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें