फिरोजाबाद बोले: पाक की फितरत धोखेबाजी की, भरोसा करना ठीक नहीं
Firozabad News - ऑपरेशन सिंदूर से हर भारतीय गर्व महसूस कर रहा है। पूर्व सैनिकों का मानना है कि यह पाकिस्तान को सबक सिखाने का सही समय है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार आदेश दे, तो वे फिर से सेना में शामिल होकर देश की रक्षा...

ऑपरेशन सिंदूर से हर देशवासी अपनी सेना पर गर्व कर रहा है। इनके बीच में वो पूर्व सैनिक भी हैं जो सीमा पर ड्यूटी कर चुके हैं तो कारगिल युद्ध में प्रतिभाग भी कर चुके हैं। उनका मानना है कि यह मौका पाकिस्तान को सबक सिखाने का है। पाकिस्तान जिस तरह से छदम युद्ध करता रहा है तथा बीते दिनों भी जिस तरह सीज फायर की घोषणा के बाद पाकिस्तान ने अपनी नापाक हरकतों को जारी रखा। उस स्थिति में यह साफ है कि पाकिस्तान न तो पहले भरोसे लायक था, न ही आज उस पर भरोसा किया जा सकता है।
हिन्दुस्तान ने बोले फिरोजाबाद के तहत सैनिक कल्याण पुनर्वास कार्यालय के निकट पूर्व सैनिकों से संवाद किया। सैनिक समाज सेवा संगठन से जुड़े हुए इन पूर्व सैनिकों में पाकिस्तान के खिलाफ गुस्सा दिखा तो युद्ध को लेकर उत्साह भी। पूर्व सैनिकों ने जोश में कहा कि अगर सरकार आदेश करे तो वह आज भी सेना पर लड़ने के लिए तैयार हैं, ताकि देश की सुख-शांति में रोड़ा बनने वाले पड़ोसी देश को पूरी तरह से सबक सिखाया जा सके। पूर्व सैनिकों का कहना था कि भारत ने सीज फायर का फैसला बड़े भाई की तरह लिया लेकिन इसके बाद भी पाक ने जिस तरह की नापाक हरकतें की हैं, उससे भारत को समझना होगा कि इस देश पर भरोसा किसी भी स्थिति में नहीं किया जा सकता है। पूर्व सैनिकों की मानें तो आतंकवाद के खिलाफ यह लड़ाई तब तक जारी रहनी चाहिए जब तक आतंक का पूरी तरह से खात्मा न हो जाए। पूर्व सैनिकों का मानना है इस बार भारत के पास मौका है तो उसे इससे भी करारा जवाब देना चाहिए था। फिर से अखंड भारत का सपना करें साकार कई पूर्व सैनिकों ने कहा कि भारत का एक स्वरूप हुआ करता था अखंड भारत के रूप में। जो आज खंड-खंड में बंट गया है। सरकार को ऑपरेशन सिंदूर की तरह ही फिर से ऑपरेशन चला कर अखंड भारत के स्वप्न को साकार करना चाहिए। इससे भारत सशक्त भी होगा तथा विश्व में भारत की पहचान एक मजबूत देश के रूप में होगी। सैनिकों की बात ऑपरेशन सिंदूर भारत सरकार का सराहनीय कदम है, लेकिन सरकार को समझना चाहिए कि पाकिस्तान पर कभी भी भरोसा नहीं करना चाहिए। पाकिस्तान वो देश है, जो सीज फायर के बाद भी देश में ड्रोन भेजता है। इस देश को वाकई में सबक सिखाने की जरूरत है। -सुधीर कुमार शर्मा हमारे सिविलियन भाई पहलगाम में गए थे। वहां पर उनके साथ आतंकी वारदात को अंजाम दिया गया, निंदनीय है। ऑपरेशन सिंदूर से भारत ने आतंकवाद एवं पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। समाज सैनिक समाज संगठन से जुड़े हुए पूर्व सैनिक भी पाकिस्तान से दो-दो हाथ करना चाहते हैं। -प्रमोद शर्मा ऑपरेशन सिंदूर से हर देशवासी का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है। हम सभी पूर्व सैनिक आज भी देश के लिए लड़ने को तत्पर हैं। पाकिस्तान पर भरोसा करना भी पूरी तरह से गलत है। यह वक्त है आर-पार की लड़ाई लड़ने का। इसके लिए अगर सरकार चाहे तो हमें भी बुलाए। -ओम प्रकाश राठौर हम कारगिल का युद्ध लड़ चुके हैं। पाकिस्तान का कभी कोई भरोसा नहीं किया जा सकता है। इस तरह से सीज फायर का फैसला सरकार ने लिया है, लेकिन वह देश भरोसेमंद नहीं है। अगर सरकार चाहे तो सीमा पर जाकर लड़ भी सकते हैं। -यशपाल सिंह पाकिस्तान कभी अपनी हरकतों से बाज नहीं आता है। ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकवाद पर भारत ने सख्त कार्रवाई की है, लेकिन पाक की हरकतों को देख कर यह नहीं लगता है कि वह बदलेगा। यह मौका है जब पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर पर भारत कब्जा करे। -अनवर सिंह ऑपरेशन सिंदूर एक अच्छा कदम है। हम कारगिल युद्ध में भी पाकिस्तान के खिलाफ लड़ाई लड़ चुके हैं। हम जानते हैं पाकिस्तान का कोई भरोसा नहीं है। इस बार पाक को पूरी तरह से जवाब देने की जरूरत है, ताकि फिर वह कोई हिमाकत नहीं कर सके। -जयपाल सिंह यादव ऑपरेशन सिंदूर से भारत ने दिखा दिया है कि आतंकवाद को करारा जवाब दिया जाएगा। भारतीय सेना ने भी पाकिस्तान व आतंकवादियों को करारी मात दी है। हम पूर्व सैनिकों में भी जोश है। अगर भारत सरकार चाहे तो हम फिर से सीमा पर जाकर बंदूक उठा पाक को जबाव दे सकते हैं। -प्रवेश शर्मा पड़ोसी देश शांतिप्रियता से नहीं रहने दे रहा है। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने बता दिया है कि हम शांति के अलावा कुछ और भी जानते हैं। पाकिस्तान पर अब भारत को भरोसा नहीं करना चाहिए। यह वक्त आर-पार की लड़ाई का है। -एमपी सिंह यादव
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।