42 डिग्री रहा मौसम का पारा, बढ़ी तपिश
Deoria News - देवरिया, निज संवाददाता। मौसम का पारा 42 डिग्री सेल्सियस से लुढ़कने का नाम नहीं

देवरिया, निज संवाददाता। मौसम का पारा 42 डिग्री सेल्सियस से लुढ़कने का नाम नहीं ले रहा है। दिन में हो रही कड़ी धूप आग की लपट की तरह तपिश दे रही है। तेज धूप के साथ गर्मी का बढ़ा प्रकोप बढ़ गया है जिससे घर से निकलना कठिन हो गया है। दिन में जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से निकल रहे हैं।
सुबह होते ही तेज धूप व हवा के बीच दिन में चल रही लू से समूचा जन जीवन प्रभावित हो चला है। कड़ी धूप के बीच लू चलने से दिन में सड़कों पर कम वाहन दिख रहे हैं। बहुत जरूरी होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। धूप व लू से बचने के लिए लोग सिर पर गमछा, टोपी, तौलिया के अलावा छाता लेकर घर से निकल रहे हैं। वहीं कुछ देर चलने के बाद लोग छाया देख रुक जा रहे हैं। वहीं गर्मी व तपिश बढ़ने से शीतल पेय पदार्थों की बाजार में खपत बढ़ गई है। लू व गर्मी से बचने के लिए लोग बाजार में विभिन्न कम्पनियों के बिक रहे शीतल पेय पदार्थों का खूब सेवन कर रहे हैं। इसका भी असर शरीर में कुछ देर तक ही रह रहा है। वहीं मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी ने कक्षा 1 से आठ तक के विद्यालयों को 7.30 से 12.30 बजे तक खोलने का निर्देश दिया गया है। बावजूद इसके भीषण गर्मी व लू के चलते स्कूलों से छुट्टी होने के बाद बच्चों को दिक्कत हो रही है।
बॉक्स-पानी वाले फल, चने का सत्तू, बेल के शर्बत की बढ़ी बिक्री: भीषण गर्मी व तपिश के बीच बाजार में पानी वाले फल, चने का सत्तू, बेल के शर्बत आदि पेय पदार्थों की भी बिक्री बढ़ गई है। लू से बचने के लिए लोग पानी वाले फल खीरा, ककरी, तरबूज, खरबूज का सेवन कर रहे हैं। इसके अलावा बाजार में जगह जगह चने के सत्तू, श्रीफल का शर्बत, नींबू पानी, पुदीना के रस से तैयार सामानों का सेवन कर रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।