दीवार बनी ढाल, नहीं तो दूल्हा सहित कइयों की जाती जान
Chandauli News - नियामताबाद के हमीदपुर गांव में शादी समारोह के दौरान एक बस दीवार से टकरा गई। इस हादसे में दूल्हा और कई बराती व घराती पक्ष के लोग घायल हो गए। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से स्थिति को संभाला गया और शादी को...

नियामताबाद, हिन्दुस्तान संवाद। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के हमीदपुर गांव में शनिवार को एक शादी समारोह के दौरान ठीक द्वार पूजा के समय घटी घटना में मकान की दीवार ढाल बन गई नहीं तो दूल्हा समेत कई बराती और घराती पक्ष के लोगों की जान चली जाती। यह संयोग ही था कि जब मनबढ़ धर्मेंद्र बस को पीछे की तरफ ले जा रहा था तो बस मकान की दीवार से टकरा गई। इसके बाद वह वाहन समेत मौके से फरार हो गया। वही मौके पर अफरातफरी मच गई। लोग घायलों को आननफानन में इलाज के लिए अस्पताल लेकर भागे। घराती पक्ष ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और क्षेत्र के संभ्रांत लोग मौके पर पहुंचे। रात भर चली पंचायत में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कई घंटों की मान-मनौव्वल के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस की मध्यस्थता और ग्रामीणों के सहयोग से रविवार सुबह शादी संपन्न हो सकी।
आरोपी धर्मेंद्र यादव उर्फ बंबू खाने के पंडाल में पहुंचा हुआ था। जहां उसने पनीर न मिलने पर दाल गिरा दिया। इससे घराती पक्ष के लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। तत्पश्चात वह अपने घर गया और मिनी टूरस्टि बस लेकर पंडाल में घुस गया। इससे वहां लाइट और अन्य सजावटी सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद वह बस को पीछे लेकर द्वार पूजा स्थल पर तेज गति से ले जा रहा था कि इसी बीच बस मकान की दीवार से टकरा गई। इसमें दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और दीवार के सहारे लगा करकट टूट कर गिर गया। जिससे उसकी जद में कई लोग आ गए और घायल हो गए। इसके अलावा वहां मची अफरातफरी में एक दूसरे के ऊपर भी लोग गिर गए और घायल हो गए। घराती पक्ष के अनुसार धर्मेंद्र जानबूझकर द्वार पूजा स्थल की ओर वाहन लेकर आना चाहता था लेकिन वाहन दीवार से टकरा गया। यदि बस द्वारपूजा स्थल पर जाती तो दूल्हा समेत कई बराती और घराती उसकी चपेट में आ जाते। जिससे कई लोगों की जान जा सकती थी। साथ ही अधिक संख्या में लोग घायल भी हो जाते। घटना के बाद घराती और बराती पक्ष में तीखी बहस होने लगी। बराती बगैर शादी वापस जाने लगे। इसी बीच घटना की जानकारी मुगलसराय कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने क्षेत्रीय संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों को समझा बुझाकर रविवार की सुबह शादी संपन्न कराया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।