मंडलायुक्त-डीआईजी ने समाधान दिवस का लिया जायजा
Azamgarh News - मंडलायुक्त विवेक और डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने दीदारगंज थाने में थाना समाधान दिवस का निरीक्षण किया। उन्होंने फरियादियों और अधिकारियों से जानकारी ली और मामलों के जल्द निस्तारण के निर्देश दिए।...

दीदारगंज/बरदह, हिन्दुस्तान संवाद। मंडलायुक्त विवेक और डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने शनिवार को दीदारगंज थाने में आयोजित थाना समाधान दिवस का जायजा लिया। दोपहर करीब एक बजे पहुंचे दोनों अफसरों ने थाना का निरीक्षण करने के बाद फरियादियों, प्रधानों, लेखपाल, कानूनगो से जानकारी ली।
मंडलायुक्त ने कहा कि मामलों का जल्द गुणवत्तापूर्वक निस्तारण किया जाए। उन्होंने शेखवलिया, अमनांवे, हैदराबाद ,महुवारा कला आदि गांवों के राजस्व से संबंधित मामलों के जल्द निस्तारण के निर्देश दिए। डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने पुलिस को पहले के पेंडिग पड़े आवेदन पत्रों के निस्तारण के निर्देश दिए। बरदह संवाददाता के अनुसार, मंडलायुक्त और डीआईजी ने मार्टीनगंज तहसील का भी निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने कई विभागों के जरूरी रजिस्टर मंगवाकर चेक किए। निरीक्षण के बाद बाहर निकलते समय अधिवक्ताओं से बात की। अधिवक्ताओं ने मंडलायुक्त को बताया कि 32, 38, 76 धारा की जितनी भी फाइलें हैं, उन्हें बंडल बनाकर वर्षों से रखा गया है। उनकी सुनवाई न होने के कारण किसानों में काफी आक्रोश है। मंडलायुक्त ने उपजिलाधिकारी रामानुज शुक्ला को प्राथमिकता के आधार पर वादों का निपटारा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मंडलायुक्त और डीआईजी ने बरदह थाने का भी निरीक्षण किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।