दूध फैक्ट्री से निकली छाई से परेशान ग्रामीणों का हंगामा, वाहन भी रोके
Amroha News - गजरौला में एक दूध फैक्ट्री के बॉयलर से निकलने वाली राख की छाई से परेशान ग्रामीणों ने फैक्ट्री के गेट पर हंगामा किया। पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराया और फैक्ट्री प्रबंधन ने समस्या का समाधान करने का...

गजरौला। दूध फैक्ट्री के बॉयलर से निकली छाई से परेशान ग्रामीणों ने बुधवार को फैक्ट्री के गेट पर जमकर हंगामा किया। लोगों की भीड़ जमा होती देख फैक्ट्री प्रबंधन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को किसी तरह शांत कराया। प्रबंधन ने सात दिन में समस्या का समाधान करने का भरोसा दिलाया, तब ग्रामीण लौटे। शहर के हसनपुर मार्ग पर संचालित एक दूध फैक्ट्री के बॉयलर से राख की छाई निकलती है। आरोप है कि पास में ही छोया गांव के लोग इससे परेशान हैं। छाई मकानों की छतों को तो काला कर रही है साथ ही लोगों की आंखों को भी नुकसान पहुंचा रही है। आंखों में छाई घुसने से कई बाइक सवार तो घायल भी हो चुके हैं। परेशान ग्रामीण बुधवार दोपहर फैक्ट्री गेट पर पहुंचे व हंगामा किया। गुस्साए लोगों ने दूध के वाहन भी फैक्ट्री के बाहर ही रोक दिए। लोगों का गुस्सा देख फैक्ट्री प्रबंधन में हड़कंप मच गया। गार्डों ने फैक्ट्री के सारे गेट बंद कर दिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराया तो फैक्ट्री प्रबंधन के लोग बाहर आए व सात दिन में समस्या से निजात दिलवाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद ग्रामीण वापस लौट गए। हंगामा करने वालों में फरमान, छोटे, हुकम सिंह, अजय सिंह, सुरेश चंद, बलवंत सिंह, हरनाम सिंह आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।