Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़अमेठीThe film 'Hunarbaaz Ladies' will tell the story of successful women of Amethi on the silver screen

सिल्वर स्क्रीन पर फिल्म ‘हुनरबाज लेडीज’ बताएगी अमेठी की सफल महिलाओं की कहानी

अमेठी के स्वयं सहायता समूहों की सफलता अब सिल्वर स्क्रीन पर दिखेगी। उम्मीद है कि यह फिल्म ‘हुनरबाज लेडीज’ भी ‘लापता लेडीज’ की तरह कामयाब होगी

Gyan Prakash हिन्दुस्तान, अमेठी। चिन्तामणि मिश्रMon, 3 March 2025 04:42 PM
share Share
Follow Us on
सिल्वर स्क्रीन पर फिल्म ‘हुनरबाज लेडीज’ बताएगी अमेठी की सफल महिलाओं की कहानी

अमेठी में स्वयं सहायता समूह के माध्यम से तरक्की के झंडे गाड़ रही महिलाओं की सफलता की गाथा रुपहले पर्दे पर दिखाई देगी। सिनेमा पार्क प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की सफलता पर आधारित एक फिल्म का निर्माण किया जा रहा है। 8 तारीख को महिला दिवस के अवसर पर इस फिल्म का मुहूर्त होगा। दिसंबर तक फिल्म की शूटिंग पूरी होगी।

बॉलीवुड के कलाकार और प्रोड्यूसर हेरम्ब त्रिपाठी इस फिल्म का निर्माण कर रहे हैं। यह फीचर फिल्म स्वयं सहायता समूह के माध्यम से दो महिलाओं के संघर्ष और जीवन में बड़े परिवर्तन की कहानी को प्रदर्शित करेगी। फिल्म के निर्माण से जुड़े संदीप सिंह ने बताया कि कहानी राजस्थान के बाड़मेर की रूमा देवी की संघर्ष यात्रा से प्रेरित है। इस फिल्म में हेरम्ब त्रिपाठी नायक के रूप में रहेंगे जबकि बाकी सभी कलाकारो के रूप में स्थानीय लोगो को मौका दिया जाएगा। निर्देशन से लेकर बाकी सभी कार्यों तक महिलाओं को ही मौका दिया जाएगा।

जिले के स्वयं सहायता समूहो की है अलग पहचान

जिले के महिला स्वयं सहायता समूह की एक अलग पहचान है। कांग्रेस सरकार के दौरान यहां पर गांव-गांव समूह का गठन किया गया और यहां की महिलाएं अन्य राज्यों में भी प्रशिक्षण देने के लिए जाती थी। भाजपा सरकार में लखपति दीदी योजना और अन्य योजनाओं से प्रोत्साहन पाकर स्वयं सहायता समूह लगातार विकास की सीढ़ी चढ़ रही हैं। वर्तमान में जिले में 10220 स्वयं सहायता समूह पंजीकृत हैं। इनमें 118506 महिलाएं जुड़ी हुई हैं। ये महिलाएं विभिन्न माध्यमों से आर्थिक रूप से आत्म निर्भर बनने के लिए अथक प्रयास कर रही हैं। जिले भर में 29005 लखपति दीदी चिह्नित की गई हैं। इनमें से 7000 से अधिक महिलाएं लखपति बन चुकी हैं। जायस की मुन्नी देवी और भादर में गोबर से विभिन्न उत्पाद तैयार कर रही महिलाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर भी कार्यक्रमों में हिस्सा लिया है।

भादर के शहरी में आठ को होगा मुहूर्त

फिल्म के प्रोडक्शन से जुड़े हेरम्ब त्रिपाठी और संदीप सिंह ने शुक्रवार को डीएम निशा अनन्त से मिलकर उन्हें प्रोजेक्ट के विषय में जानकारी दी। हेरम्ब त्रिपाठी ने बताया कि 8 तारीख को भादर के शहरी में फिल्म का मुहूर्त होगा। इसके बाद भादर और अमेठी के अन्य क्षेत्रों में शूटिंग शुरू की जाएगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें