रंजिश में हिस्ट्रीशीटर को मारी गोली, भाजयुमो नेता हिरासत में
Aligarh News - गांधीपार्क क्षेत्र के दुबे का पड़ाव पर गुरुवार को रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच विवाद हुआ। भाजयुमो नेता यश गोयल ने हिस्ट्रीशीटर शिवम को गोली मारी। शिवम को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।...

-गांधीपार्क क्षेत्र के दुबे का पड़ाव पर हुई घटना, घायल को निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती -दूसरे पक्ष ने भी मारपीट व साढ़े लाख रुपये लूटने का आरोप लगाया, पुलिस कर रही पूछताछ अलीगढ़, संवाददाता। गांधीपार्क थाना क्षेत्र के दुबे के पड़ाव पर गुरुवार को दिनदहाड़े रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि भाजयुमो नेता यश गोयल ने हिस्ट्रीशीटर शिवम को गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां कांग्रेस नेता श्योराज सिंह समेत तमाम लोग एकत्रित हो गए और कार्रवाई की मांग करने लगे। उधर, पुलिस ने आरोपी नेता को हिरासत में ले लिया।
उसने हिस्ट्रीशीटर पक्ष पर मारपीट व साढ़े लाख रुपये लूटने का आरोप लगाया है। इसे लेकर तमाम भाजपाई थाने पहुंच गए और तहरीर भी दी। यह घटना गुरुवार शाम छह बजे की है। गांधीपार्क क्षेत्र के नौरंगाबाद शास्त्री नगर निवासी शिवम पुत्र श्याम ने गुरुवार को शीशियापाड़ा स्थित लैब में खून जांच कराई थी। वह अपने दोस्त विपिन के साथ रिपोर्ट लेने जा रहा था। आरोप है कि यश गोयल बाइक से नौरंगाबाद से उसका पीछा करने लगा। उसके साथ एक युवक और था। जूस की दुकान पर पहुंचने पर शिवम ने पूछा कि पीछा क्यों कर रहा है। इसी बात पर दोनों में कहासुनी हो गई। मारपीट होने लगी। इसी बीच यश ने पिस्टल से गोली मार दी। गोली शिवम के सीने में जा लगी। उसे विष्णुपुरी स्थित वरुण अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां कांग्रेस नेताओं की पुलिस से नोकझोंक हो गई। उधर, घटना के बाद यश वृंदावन होटल में घुस गया। भाजपा नेता संजय गोयल का कहना है कि उनके भतीजे का फोन आया था। उसने कहा कि कुछ लोगों ने उसे घेर लिया है। उसने होटल में घुसकर खुद को बचाया। पुलिस ने यश को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। वहां तमाम भाजयुमो नेता पहुंच गए। पांच लाख रुपये की चौथ मांगने का आरोप, दी तहरीर पत्थर बाजार निवासी यश की धनीपुर मंडी में आढ़त है। वह भाजयुमो में महावीरनगर मंडल के अध्यक्ष व भाजपा महानगर उपाध्यक्ष संजय गोयल के भतीजे हैं। उसने तहरीर में कहा है कि वह आढ़त बंद कर साढ़े चार लाख रुपये लेकर बारहद्वारी स्थित घर जा रहा था। तभी शिवम व उसके साथियों ने रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि पांच लाख रुपये की चौथ मांगी। कारण पूछने पर गालीगलौज करते हुए मारपीट कर दी। गला दबाने का प्रयास किया। चेन तोड़ ली। स्कूटी की चाभी छीन ली। वह स्कूटी छोड़कर होटल में भागा। इसी बीच शिवम के साथी ने गोली चला दी, जिसमें वह बाल-बाल बचा। आरोपी ने रुपये से भरा थैला लूट लिया। तीन लाख रुपये मांगे, अन्यथा हत्या की धमकी दी। यश ने घटना की सूचना अपने परिजनों को दी, जिन्होंने पुलिस को जानकारी दी। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर कई दुकानदारों से पूछताछ की। इसमें किसी ने भी फायरिंग होना नहीं बताया। कहा कि बाइकों को टकराने को लेकर विवाद में मारपीट हुई थी। हालांकि पुलिस घटनास्थल के आसपास के कैमरे खंगाल रही है। वर्जन आपसी विवाद में हिस्ट्रीशीटर शिवम को गोली लगी है। उसकी हालत खतरे से बाहर है। तहरीर के आधार पर आरोपी पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। दूसरे पक्ष ने जो आरोप लगाए हैं। उनकी भी जांच की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे देखे जा रहे हैं। मृगांक शेखर पाठक, एसपी सिटी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।