टॉवर पर चढ़ा परिचालक, बोला- अधिकारी नौकरी नहीं करने दे रहे
Aligarh News - अलीगढ़। हिन्दुस्तान संवादबन्नादेवी थाना क्षेत्र के सारसौल स्थित रोडवेज वर्कशॉप में शुक्रवार शाम को एक परिचालक नशे में मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। बोला कि

अलीगढ़। हिन्दुस्तान संवाद
बन्नादेवी थाना क्षेत्र के सारसौल स्थित रोडवेज वर्कशॉप में शुक्रवार शाम को एक परिचालक नशे में मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। बोला कि अधिकारी उसे नौकरी नहीं करने दे रहे हैं। कई घंटे के मान-मुनव्वल के बीच पुलिस पहुंची। इसके बाद वह नीचे उतरा और पुलिस को देखकर भाग गया। मामले में एआरएम की ओर से थाना बन्नादेवी में तहरीर दी गई है।
बुद्धविहार डिपो में संविदा के रूप में तैनात परिचालक शुभम शर्मा शुक्रवार शाम करीब पांच बजे रोडवेज वकशॉप पहुंचा। उसने आरोप लगाया कि रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक व सहायक प्रबंधक उसे बल्लभगढ़ -अलीगढ़ मार्ग पर नौकरी नहीं करने दे रहे हैं। हटाने की धमकी दी जाती है। कई दिनों से उसे ड्यूटी पर भी नहीं जाने दिया जा रहा। वहां उसकी अधिकारियों से कहासुनी हो गई। इसके बाद वह वर्कशॉप के पीछे बने मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। कहा कि उसकी मांगें नहीं मानी तो नीचे नहीं आएगा। अधिकारी भी पहुंच गए, जिन्होंने समझाया। लेकिन, वह उतरने को राजी न हुआ। बाद में बन्नादेवी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों के कहने पर वह उतर आया और भाग गया। इंस्पेक्टर बन्नादेवी पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि ड्यूटी को लेकर एक कर्मचारी टॉवर पर चढ़ गया था। उसे समझाकर उतारा गया। बताया जा रहा है कि वह नशे में था। लेकिन, इसकी पुष्टि नहीं है। मामले में एआरएम की ओर से तहरीर दी गई है। इसमें सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप हैं। इस पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।