खेरागढ़ में एसडीएम आफिस के बाहर महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास
Agra News - खेरागढ़ तहसील में एक महिला ने अपने चाचा के साथ मकान के विवाद के चलते आत्मदाह का प्रयास किया। महिला का आरोप है कि उसे न्याय नहीं मिल रहा है। होमगार्ड ने उसे बचा लिया और पुलिस ने उसके चाचा को गिरफ्तार...

खेरागढ़ तहसील परिसर में शुक्रवार दोपहर एसडीएम कार्यालय के बाहर महिला ने मिट्टी का तेल उड़ेल कर आत्मदाह का प्रयास किया। वहां खड़े होमगार्ड ने तत्परता दिखाते हुए उसे बचा लिया। महिला का अपने चाचा से मकान को लेकर विवाद चल रहा है। पुलिस ने चाचा को पकड़ लिया है। खेरागढ़ क्षेत्र के बकालपुर गांव की रहने वाली कविता पुत्री स्व.भगवानदास का चाचा ईश्वरी प्रसाद से प्लाट पर मकान बनाने को लेकर विवाद चल रहा है। इस विवाद को लेकर 14 सितंबर को थाना खेरागढ़ पुलिस ने दोनों पक्षो को पाबंद किया था। शुक्रवार को महिला कविता तहसील पहुंच गयी। उसका आरोप है कि उसकी कहीं भी सुनवाई नहीं हो रही है। न्याय नहीं मिल रहा है। महिला ने एसडीएम कार्यालय के सामने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डाल लिया। वहां मौजूद होमगार्ड और अन्य कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया। अफरा-तफरी मच गयी। तहसील में तैनात महिला पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। महिला को उसके घर पहुंचा दिया गया। इधर पुलिस ने महिला के चाचा ईश्वरी को गिरफ्तार कर लिया है।
महिला के पिता के नाम पर है प्लाट : आत्मदाह की कोशिश करने वाली महिला कविता का आरोप है कि चाचा ईश्वरी उसे मकान नहीं बनाने दे रहा है। जबकि प्लाट का पट्टा उसके पिता के नाम पर आवंटित हुआ था। जबकि चाचा ने अपने आवंटित पट्टे पर मकान बना लिया है। उसके मकान में बाधा डाली जा रही है। मकान बनाने पर चाचा और उसके परिजन मारपीट पर उतारू हो जाते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।